अलवर जिले में पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव को लेकर चुनावी सरगर्मी तेज हो गई है। पहले चरण के तहत आने वाली छह पंचायत समितियों में नाम वापसी की समय सीमा समाप्त होने के बाद मैदान में डटे उम्मीदवारों की तस्वीर साफ हो गई है। जिला निर्वाचन अधिकारियों की देखरेख में प्रत्याशियों को चुनाव चिह्न भी आवंटित कर दिए गए हैं।
निर्वाचन कार्यालय के आंकड़ों के मुताबिक, पहले चरण के छह निर्वाचन क्षेत्रों में कुल 162 अभ्यर्थियों ने अपने नाम वापस ले लिए हैं। इसके बाद अब विभिन्न वार्डों में कुल 438 उम्मीदवार चुनावी ताल ठोक रहे हैं। चुनाव चिह्न मिलने के साथ ही गांवों और ढाणियों में राजनीतिक दलों के अधिकृत प्रत्याशियों के साथ निर्दलीय उम्मीदवारों ने भी जनसंपर्क अभियान तेज कर दिया है।
कठूमर में सबसे ज्यादा उम्मीदवार, मुबारिकपुर में कम
पहले चरण में पंचायत समिति वार स्थिति पर नजर डालें तो कठूमर में सबसे कड़ा मुकाबला देखने को मिलेगा। यहां 23 वार्डों के लिए कुल 119 प्रत्याशी मैदान में डटे हैं। इसके बाद रैणी की 27 वार्ड सीटों पर 112 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।
गोविंदगढ़ और रामगढ़ पंचायत समितियों में 15 और 17 वार्डों के लिए 59-59 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं। खेड़ली-सोंखर के 15 वार्डों में 52 उम्मीदवार मैदान में हैं, जबकि मुबारिकपुर में 15 वार्डों के लिए 37 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं।
दूसरे चरण में आज दोपहर 3 बजे तक होंगे नामांकन
उधर, चुनाव के दूसरे चरण के तहत उमरैण, मालाखेड़ा, लक्ष्मणगढ़, राजगढ़ और थानागाजी पंचायत समितियों में नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया चल रही है। निर्वाचन आंकड़ों के अनुसार, गुरुवार को पांचों पंचायत समितियों में कुल 356 नाम निर्देशन पत्र दाखिल किए गए।
इनमें सबसे ज्यादा 94 नामांकन राजगढ़ से आए हैं। इसके अलावा मालाखेड़ा में 91, उमरैण में 68, लक्ष्मणगढ़ में 60 और थानागाजी में 43 पर्चे भरे गए। जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. आर्तिका शुक्ला ने बताया कि दूसरे चरण के लिए शुक्रवार, 16 अक्टूबर को सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक नामांकन दाखिल किए जा सकेंगे।
इसके अगले दिन यानी 17 अक्टूबर को सभी नामांकनों की स्क्रूटनी (जांच) की जाएगी। सोमवार, 19 अक्टूबर को नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्रत्याशियों को चुनाव चिह्न बांटे जाएंगे, जिसके बाद दूसरे चरण की अंतिम तस्वीर स्पष्ट होगी।
