महानायक अमिताभ बच्चन ने अयोध्या में एक धर्मशाला के निर्माण के लिए कदम बढ़ाया है। उन्होंने अपने पिता और प्रसिद्ध कवि हरिवंश राय बच्चन के नाम पर बनने वाली इस धर्मशाला का नक्शा अयोध्या विकास प्राधिकरण में जमा कर दिया है।
अयोध्या विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष अनुराग जैन ने मंगलवार को पत्रकारों को बताया कि इस प्रस्तावित परियोजना में 20 से अधिक कमरे बनाए जाएंगे। बाहर से राम मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को व्यवस्थित ठहरने की सुविधा देने के उद्देश्य से इस प्रोजेक्ट का खाका तैयार किया गया है। यह प्रस्तावित धर्मशाला उसी जमीन पर बनाई जाएगी जिसे अभिनेता ने पहले अयोध्या में खरीदा था।
नक्शे पर आपत्तियां आमंत्रित, तय प्रक्रिया के बाद मिलेगी मंजूरी
विकास प्राधिकरण के मुताबिक, धर्मशाला के इस प्रस्ताव को अखबारों में प्रकाशित कर आम जनता से आपत्तियां मांगी गई हैं। निर्धारित समय सीमा पूरी होने के बाद सभी आपत्तियों का परीक्षण किया जाएगा, जिसके बाद नियमानुसार नक्शे को अंतिम मंजूरी दी जाएगी।
अनुराग जैन ने बताया कि देश के कई जाने-माने लोग अयोध्या के इस स्वरूप को संवारने में अपना योगदान दे रहे हैं। इसी कड़ी में अमिताभ बच्चन ने भी यहां आने वाले श्रद्धालुओं के लिए आवास और अन्य व्यवस्थित सुविधाएं जुटाने की दिशा में यह पहल की है।
