नागौर जिले के लाड़नूं स्थित जैन विश्व भारती में अखिल भारतीय तेरापंथ महिला मंडल के 51वें वार्षिक अधिवेशन का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने शिरकत की। उन्हें सामाजिक उत्थान, बालिका शिक्षा और जनकल्याण के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए 'आचार्य तुलसी कर्तृत्व पुरस्कार' से सम्मानित किया गया।
समारोह के दौरान उपमुख्यमंत्री ने आचार्य श्री महाश्रमण से आशीर्वाद प्राप्त किया। देशभर से पहुंचीं तेरापंथ महिला मंडल की सदस्याओं ने उनका स्वागत किया। इस दौरान परिसर में आध्यात्मिक माहौल के बीच बड़ी संख्या में श्रद्धालु और समाज से जुड़े लोग मौजूद रहे।
महिला सशक्तिकरण और बालिका शिक्षा पर जोर
अधिवेशन के मंच से महिला सशक्तिकरण, बालिका शिक्षा और सामाजिक सरोकारों से जुड़े मुद्दों पर विशेष चर्चा हुई। देश के अलग-अलग हिस्सों से आईं महिलाओं की उपस्थिति ने कार्यक्रम के दायरे को और व्यापक बनाया। महिला मंडल की सदस्याओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर आंगतुक अतिथियों का अभिनंदन किया।
आयोजन के दौरान वक्ताओं ने समाज के विकास में महिलाओं की भागीदारी को रेखांकित किया। तेरापंथ महिला मंडल के इस वार्षिक अधिवेशन में शिक्षा के प्रसार और जरूरतमंदों के कल्याण के लिए चल रहे सेवा कार्यों की रूपरेखा पर भी बात रखी गई।
