बाबा रामदेव की कंपनी पतंजलि आयुर्वेद अब इंश्योरेंस सेक्टर में अपनी नई पारी शुरू करने जा रही है। इंश्योरेंस रेगुलेटर IRDAI ने पतंजलि आयुर्वेद और धर्मपाल सत्यपाल ग्रुप को मैग्मा जनरल इंश्योरेंस में हिस्सेदारी खरीदने की मंजूरी दे दी है। इस मंजूरी के साथ करीब 4,500 करोड़ रुपये की डील पूरी होने का रास्ता साफ हो गया है।
इस अधिग्रहण के तहत पतंजलि आयुर्वेद मैग्मा जनरल इंश्योरेंस में 73.6% हिस्सेदारी खरीदेगी, जबकि धर्मपाल सत्यपाल ग्रुप के पास 24.5% हिस्सेदारी होगी। यह हिस्सेदारी आदार पूनावाला समूह की सनोटी प्रॉपर्टीज और अन्य मौजूदा शेयरधारकों से खरीदी जा रही है।
कंपनी के अनुसार, IRDAI ने 28 जुलाई 2026 को जारी पत्र के जरिए इस अधिग्रहण को मंजूरी दी है। यह मंजूरी अगले तीन महीने तक मान्य रहेगी, जिसके दौरान शेयर ट्रांसफर की प्रक्रिया पूरी करनी होगी और नियामक की सभी शर्तों का पालन करना होगा।
मंजूरी मिलने के बाद पतंजलि मैग्मा जनरल इंश्योरेंस की प्रमोटर कंपनी बन जाएगी, जबकि DS ग्रुप को-इन्वेस्टर की भूमिका निभाएगा। माना जा रहा है कि इस कदम से पतंजलि का कारोबार FMCG और हेल्थ सेक्टर से आगे बढ़कर वित्तीय सेवाओं के क्षेत्र में भी विस्तार करेगा। कंपनी इंश्योरेंस कारोबार की ग्रोथ और सॉल्वेंसी मजबूत करने के लिए आगे भी निवेश कर सकती है।
