राजस्थान के 24 जिलों में अति भारी बारिश का अलर्ट जारी , 26 जुलाई तक IMD की चेतावनी
राजस्थान में करीब 15 दिन के इंतजार के बाद मानसून ने एक बार फिर जोरदार वापसी कर ली है। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार 22 से 26 जुलाई तक प्रदेश में भारी से अति भारी बारिश की चेतावनी जारी करते हुए बुधवार को जयपुर, अजमेर, कोटा और भरतपुर संभाग के 24 जिलों में ऑरेंज और येलो अलर्ट घोषित किया है। मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर-पूर्वी राजस्थान के ऊपर बने परिसंचरण तंत्र और सक्रिय मानसून ट्रफ के प्रभाव से अगले चार से पांच दिनों तक पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी राजस्थान में तेज बारिश का दौर जारी रहेगा। मंगलवार को जयपुर, सीकर, झुंझुनूं, कोटा, बारां, झालावाड़, उदयपुर, दौसा और टोंक समेत कई जिलों में झमाझम बारिश हुई। सबसे अधिक बारिश बारां के छीपाबड़ौद में 5 इंच दर्ज की गई, जबकि सीकर ग्रामीण और धोद में 4.5-4.5 इंच, कोटा के सुल्तानपुर में 4 इंच, दौसा के रामगढ़ पचवारा में साढ़े तीन इंच तथा झालावाड़ के खानपुर और टोंक के अलीगढ़ में सवा तीन इंच बारिश रिकॉर्ड हुई। मौसम विभाग का कहना है कि 26 जुलाई तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश का सिलसिला जारी रहेगा, जिससे कई स्थानों पर जलभराव और निचले इलाकों में पानी भरने की स्थिति बन सकती है। वहीं हाड़ौती क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश से किसानों के चेहरों पर खुशी लौट आई है और खरीफ फसलों को बड़ा फायदा मिलने की उम्मीद है। दूसरी ओर कोटा के रानपुर क्षेत्र के केबलनगर में मंगलवार को आकाशीय बिजली गिरने से 23 वर्षीय युवक नीरज फागणा की मौत हो गई। प्रशासन और मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान नदी-नालों से दूर रहने, सुरक्षित स्थानों पर रहने और बिजली चमकने के समय खुले स्थानों में जाने से बचने की अपील की है।
