गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर युवाओं और देश की जनता को भ्रमित करने का आरोप लगाते हुए कहा कि राहुल गांधी लगातार झूठे और भ्रामक बयान देकर राजनीतिक माहौल बिगाड़ने का प्रयास कर रहे हैं। आज पूरे देश में एक ही सवाल उठ रहा है कि जब संसद की परंपराओं के अनुरूप विपक्ष की मांग पर केंद्रीय गृह मंत्री सदन में जवाब देने के लिए तैयार हैं, तो राहुल गांधी सदन में उपस्थित होने से क्यों बच रहे हैं। बेढ़म ने कहा कि कांग्रेस लगातार सदन को बाधित करने का प्रयास कर रही है और झूठ के आधार पर जनता के बीच गलत संदेश फैलाने की कोशिश कर रही है। कांग्रेस द्वारा उठाई गई चर्चा की मांग पर संसदीय कार्य मंत्री ने स्पष्ट किया है कि केंद्रीय गृह मंत्री सदन में जवाब देंगे। ऐसे में राहुल गांधी को सदन के बाहर प्रेस कॉन्फ्रेंस कर देश को गुमराह करने के बजाय संसद में अपनी बात रखनी चाहिए लेकिन इससे इतर राहुल गांधी सदन से भाग रहे है। उनके इस रवैए से देश में ट्रेड कर रहा है कि राहुल गांधी भागो मत, गृहमंत्री जवाब देंगे।
गृह राज्यमंत्री जवाहर सिंह बेढ़म ने भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि राहुल गांधी कभी सदन के बाहर प्रेस को संबोधित करते हैं तो कभी धरना-प्रदर्शन की राजनीति करते हैं। यदि उन्हें युवाओं और छात्रों की इतनी ही चिंता है तो उन्हें झारखंड में छात्रों के साथ किए जा रहे अत्याचारों के मामले में भी सामने आकर अपनी स्थिति स्पष्ट करें। जब झारखंड में छात्र अपने अधिकारों के लिए संघर्ष कर रहे हैं, तब राहुल गांधी कहां हैं?, तब राहुल गांधी ने वहां के मुख्यमंत्री का इस्तीफा क्यों नहीं मांगा। ये दिखावे की राजनीति राहुल गांधी को नहीं करनी चाहिए। बेढ़म ने कहा कि राहुल गांधी पहले केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते रहे और बाद में जंतर-मंतर पर छात्रों पर गोली चलाए जाने का झूठा दावा किया। छात्रों पर कोई गोली नहीं चलाई गई, इसके बावजूद कांग्रेस द्वारा लगातार झूठ फैलाने का प्रयास किया गया। कांग्रेस की राजनीति लंबे समय से भ्रम और झूठ पर आधारित रही है।
गृह राज्यमंत्री जवाहर सिंह बेढ़म ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार देश के सभी वर्गों को मुख्यधारा से जोड़ने और उनके कल्याण के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है। युवाओं और छात्रों के हितों को लेकर सरकार ने अनेक महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। पेपर लीक जैसी घटनाओं पर प्रभावी कार्रवाई के लिए केंद्र सरकार ने दृढ़ इच्छाशक्ति दिखाई है और युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है। अब राहुल गांधी को युवाओं को भ्रमित करने और देश को गुमराह करने की राजनीति बंद करनी चाहिए। यदि कांग्रेस और राहुल गांधी के पास कोई मुद्दा है तो वे संसद में आकर उस पर चर्चा करें और तथ्यों के साथ अपनी बात रखें। बेढ़म ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस के नेता भी राहुल गांधी की झूठ बोलो, गुमराह करो वाली राजनीति पर चल रहे है। जनता सब देख रही है और झूठ तथा भ्रम की राजनीति को देश की जनता स्वीकार नहीं करेगी। प्रेसवार्ता में भाजपा प्रदेश मंत्री नारायण मीणा और भाजपा प्रदेश प्रवक्ता पंकज मीणा उपस्थित रहे।
