गरीबों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के उद्देश्य से भगवानपुरा के जनपद पंचायत परिसर में शनिवार को 'सेवा सेतु अभियान: सरकार आपके द्वार' के तहत एकदिवसीय शिविर का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री और सांसद गजेंद्र पटेल ने केंद्र सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का जिक्र करते हुए ग्रामीणों को आत्मनिर्भर बनाने पर जोर दिया।
विकासखंड स्तर पर आयोजित इस शिविर में विभिन्न विभागों ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। सांसद पटेल ने प्रशासनिक अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनता को दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़ें और उनकी शिकायतों का मौके पर ही त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कई हितग्राहियों को योजनाओं के स्वीकृति पत्र भी सौंपे।
25 विभागों के स्टॉल और मौके पर समाधान
शिविर के दौरान जनपद पंचायत की सीईओ कंचन डोंगरे ने बताया कि शासन के दिशा-निर्देशों के तहत कुल 25 विभागों ने अपने स्टॉल लगाए थे। इस दौरान ग्रामीणों से 600 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए। कुछ मामलों का मौके पर ही निपटारा कर दिया गया, जबकि शेष आवेदनों को एक निश्चित समयावधि के भीतर हल करने के निर्देश दिए गए हैं।
शिविर के अंत में सांसद गजेंद्र पटेल ने उपस्थित जनसमूह और अधिकारियों को नशामुक्ति की शपथ भी दिलाई। इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और सभी प्रमुख विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
