छिंदवाड़ा के ग्राम पंचायत खैरवाड़ा में कुलबेहरा नदी पर नगर निगम के जलप्रदाय विभाग द्वारा की जा रही कार्रवाई को लेकर ग्रामीणों में भारी नाराजगी सामने आई है। ग्रामीणों ने विभाग पर बिना अनुमति नदी के प्राकृतिक स्वरूप से छेड़छाड़ करने और पानी ले जाने के लिए ब्लास्टिंग करने का गंभीर आरोप लगाया है।
घटना की जानकारी मिलते ही खैरवाड़ा के ग्रामीण एकजुट होकर मौके पर पहुंच गए और चल रहे काम का कड़ा विरोध शुरू कर दिया। ग्रामीणों ने मौके पर काम तुरंत बंद कराने और नदी के प्राकृतिक स्वरूप को बचाने की मांग की है।
बिना अनुमति मशीनों और ब्लास्टिंग का आरोप
ग्रामीणों का कहना है कि नगर निगम का जलप्रदाय विभाग ग्राम पंचायत की किसी भी प्रकार की अनुमति के बिना मशीनों और ब्लास्टिंग का इस्तेमाल कर रहा है। आरोप है कि नदी में गड्ढों में ठहरे उस थोड़े-बहुत पानी को भी जबरन ले जाने का प्रयास किया जा रहा है, जिसका उपयोग ग्रामीण और उनके मवेशी पेयजल के रूप में करते हैं।
नदी के प्राकृतिक पत्थरों को तोड़े जाने से जल स्रोतों के सूखने का खतरा पैदा हो गया है। ग्राम पंचायत खैरवाड़ा के सरपंच देवीलाल चंद्रवंशी ने इस पूरी कार्यप्रणाली पर आपत्ति जताते हुए कहा कि स्थानीय प्रशासन बिना पंचायत को भरोसे में लिए मनमाने ढंग से कार्रवाई कर रहा है।
उग्र आंदोलन की चेतावनी
नदी पर हो रहे इस काम से आक्रोशित ग्रामीणों ने प्रशासन को स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि काम पर तुरंत रोक नहीं लगाई गई, तो वे उग्र आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे। ग्रामीणों का यह भी कहना है कि इस स्थिति के बिगड़ने पर पूरी जिम्मेदारी संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों की होगी। ग्रामीणों ने मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और विभाग को इस तरह की गतिविधियों से रोका जाए।
