छिंदवाड़ा के जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र में आयोजित शिविर में सैकड़ों दिव्यांगजनों को कृत्रिम अंग और प्रमाण पत्र बांटे गए। केंद्रीय योजना के तहत लगे इस कैंप में सांसद विवेक बंटी साहू मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल हुए।
550 से अधिक पंजीयन और मौके पर कृत्रिम अंग तैयार
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय की एडीपी योजना के तहत यह शिविर नगर पालिका निगम और जनपद पंचायत छिंदवाड़ा के संयुक्त तत्वाधान में लगाया गया। कैंप में 550 से ज्यादा लोगों ने पंजीयन कराया।
जांच के बाद 70 दिव्यांगजनों के लिए कैलिपर और कृत्रिम पैर तैयार किए गए। इन अंगों को तत्काल बनाकर मौके पर ही लाभार्थियों को सौंप दिया गया, जिससे उनके चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी। इसके अलावा, जिला मेडिकल बोर्ड ने 35 लोगों के दिव्यांगता प्रमाण पत्र भी मौके पर तैयार किए।
अस्पताल परिसर में केंद्र संचालन के निर्देश
शिविर के दौरान सांसद विवेक बंटी साहू ने जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र को जिला अस्पताल परिसर में संचालित करने के निर्देश कलेक्टर को दिए। इस कदम का उद्देश्य दिव्यांगजनों को स्वास्थ्य सेवाओं और पुनर्वास सुविधाओं का एक ही जगह पर आसानी से लाभ मिलना सुनिश्चित करना है।
कैंप के नोडल अधिकारी और जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र के प्रशासनिक अधिकारी पंचलाल चंद्रवंशी ने लाभार्थियों को शासन की विभिन्न योजनाओं और उनके लाभ लेने की प्रक्रिया की जानकारी दी। शिविर में आने वाले लोगों के लिए भोजन और पेयजल के भी पुख्ता इंतजाम किए गए थे।
प्रशासनिक अधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
कार्यक्रम में डिप्टी कलेक्टर पुष्पेंद्र निगम, बीजेपी पदाधिकारी, दिव्यांग प्रकोष्ठ के सहसंयोजक अरविंद कुमार बाथर, शरद कुशवाहा, और आसरा संस्था से मुकेश मालवीय मौजूद रहे।
इसके अलावा, जिला अस्पताल के चिकित्सक, नगर पालिका और जनपद पंचायत की टीम ने शिविर को सफल बनाने में सहयोग किया। व्यवस्थाओं में जनपद पंचायत के समग्र विस्तार अधिकारी अंशुल सावले और नगर पालिका की लीला हुई की सक्रिय भागीदारी रही।
