सोने-चांदी की कीमतों में गुरुवार को एक बार फिर जोरदार उछाल देखने को मिला है। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन के मुताबिक, 24 कैरेट सोना 1,748 रुपये की तेजी के साथ 10 ग्राम के लिए 1.43 लाख रुपये पर पहुंच गया है। वहीं चांदी की बात की जाये तो चांदी भी 3,863 रुपये महंगी होकर 2.25 लाख रुपये प्रति किलो के स्तर पर पहुंच गई है। इससे पहले जून महीने में दोनों की कीमतों में बड़ी गिरावट दर्ज की गई थी, जब सोना करीब 13 हजार रुपये और चांदी लगभग 34 हजार रुपये सस्ती हुई थी। हालांकि जुलाई की शुरुआत होते ही कीमती धातुओं में फिर से तेजी का रुख देखने को मिल रहा है, जिससे निवेशकों और सर्राफा कारोबारियों की नजरें एक बार फिर बाजार पर टिक गई हैं।
अगर पूरे साल की बात की जाये तो 2026 में अब तक सोना करीब 10 हजार रुपये महंगा हो चुका है। 31 दिसंबर 2025 को 24 कैरेट सोना 1.33 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम था, जो अब बढ़कर 1.43 लाख रुपये पर पहुंच गया है। वहीं चांदी 31 दिसंबर 2025 को 2.30 लाख रुपये प्रति किलो थी, जो फिलहाल 2.25 लाख रुपये के आसपास कारोबार कर रही है। इस साल 29 जनवरी को सोने ने 1.76 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम और चांदी ने 3.86 लाख रुपये प्रति किलो का ऑलटाइम हाई स्तर भी छुआ था। बाजार विशेषज्ञों के मुताबिक वैश्विक आर्थिक परिस्थितियों, अंतरराष्ट्रीय बाजार में उतार-चढ़ाव और निवेशकों की मांग के कारण सोने-चांदी की कीमतों में लगातार बदलाव देखने को मिल रहा है। ऐसे में आभूषण या निवेश के लिए सोना खरीदते समय हमेशा BIS हॉलमार्क वाला प्रमाणित सोना ही खरीदें और खरीदारी से पहले उस दिन के ताजा भाव की विश्वसनीय स्रोतों से पुष्टि जरूर कर लेनी चाहिए।

