सोना-चांदी में आयी बड़ी गिरावट, एक हफ्ते में निवेशकों को लगा झटका
सोने-चांदी की कीमतों में इस सप्ताह गिरावट देखी गयी है, जिससे निवेशकों और खरीदारों दोनों का ध्यान एक बार फिर सर्राफा बाजार की ओर गया है। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन के ताजा आंकड़ों के मुताबिक 24 कैरेट सोने की कीमत 2,830 रुपये घटकर 1.45 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गई है। वहीं चांदी की कीमत में भी बड़ी गिरावट देखने को मिली है और यह 10,609 रुपये सस्ती होकर 2.32 लाख रुपये प्रति किलो पर पहुंच गई है। पिछले सप्ताह सोना 1.48 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम और चांदी 2.43 लाख रुपये प्रति किलो के स्तर पर थी। वही इस गिरावट ने हाल के महीनों में रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचे कीमती धातुओं के बाजार में नई हलचल पैदा कर दी है। दरअसल, वर्ष 2026 की शुरुआत से ही सोने और चांदी की कीमतों में भारी उतार-चढ़ाव देखने को मिला है। 29 जनवरी को सोना 1.76 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम और चांदी 3.86 लाख रुपये प्रति किलो के अपने ऑलटाइम हाई स्तर पर पहुंच गई थी। हालांकि इसके बाद अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों और निवेशकों की रणनीति में बदलाव के चलते दोनों धातुओं में लगातार गिरावट का दौर देखने को मिला है। जनवरी के उच्चतम स्तर से तुलना करें तो सोना करीब 31 हजार रुपये और चांदी लगभग 1.54 लाख रुपये तक सस्ती हो चुकी है। विशेषज्ञों के मुताबिक इस गिरावट के पीछे कई बड़े वैश्विक कारण हैं। अमेरिका और ईरान के बीच तनाव कम होने तथा युद्धविराम समझौते की खबरों से निवेशकों ने सोने-चांदी जैसे सुरक्षित निवेश विकल्पों से दूरी बनानी शुरू की है। इसके अलावा अमेरिकी फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दरों को लेकर अपनाए गए सख्त रुख और डॉलर के मजबूत होने से भी कीमती धातुओं पर दबाव बढ़ गया है। वहीं रिकॉर्ड तेजी के बाद बड़े निवेशकों द्वारा की गई मुनाफावसूली और गोल्ड-सिल्वर ETF में बढ़ती बिकवाली ने भी कीमतों को नीचे खींचने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। बाजार विशेषज्ञों मानते है की आने वाले दिनों में अंतरराष्ट्रीय आर्थिक हालात और डॉलर की चाल के आधार पर सोने-चांदी की कीमतों में और उतार-चढ़ाव हो सकता है।

