रणवीर सिंह की आने वाली फिल्म ‘धुरंधर 2’ का संगीत अंतरराष्ट्रीय मंच पर पहुंच गया है। फिल्म का साउंडट्रैक प्रतिष्ठित ग्रैमी अवॉर्ड्स की रेस में शामिल हो गया है, जिसके तहत इसके गानों को अलग-अलग कैटेगरी में भेजा गया है। टी-सीरीज और B62 स्टूडियोज की ओर से फिल्म के म्यूजिक के लिए यह कैंपेन चलाया जा रहा है, जिसमें कंपोजर शाश्वत सचदेव के काम को केंद्र में रखा गया है।
किन कैटेगरी में भेजी गई हैं एंट्रीज?
फिल्म के साउंडट्रैक को ‘बेस्ट कम्पाइलेशन साउंडट्रैक फॉर विजुअल मीडिया’ समेत कई कैटेगरी में कैंपेन किया जा रहा है। हालांकि, इन एंट्रीज से ग्रैमी का फाइनल नॉमिनेशन अभी पक्का नहीं हुआ है। इसके लिए गानों को रिकॉर्डिंग एकेडमी के तय एलिजिबिलिटी क्राइटेरिया को पार करना होगा और वोटिंग प्रक्रिया से गुजरना होगा।
साउंडट्रैक में शामिल गानों की सूची में ‘फिर से’, ‘आरी आरी’ और ‘जाइए सजना’ के नाम हैं। इनमें से ‘फिर से’ को ‘बेस्ट सॉन्ग रिटन फॉर विजुअल मीडिया’ कैटेगरी में रखा गया है। इसके अलावा, ‘जान से गुजरते हैं’ और ‘कन्हैया’ को ‘बेस्ट ग्लोबल म्यूजिक परफॉर्मेंस’ कैटेगरी में और ‘आरी आरी’ को ‘बेस्ट एशियन पॉप म्यूजिक परफॉर्मेंस’ कैटेगरी में सबमिट किया गया है।
शाश्वत सचदेव का सफर और नेशनल अवॉर्ड
फिल्म के म्यूजिक कंपोजर शाश्वत सचदेव को कुछ समय पहले ही ‘आर्टिकल 370’ में बेहतरीन संगीत निर्देशन के लिए नेशनल फिल्म अवॉर्ड मिला था। इस सफलता के बाद अब ‘धुरंधर 2’ के संगीत को ग्लोबल प्लेटफॉर्म पर ले जाने की तैयारी है।
हाल ही में एक बातचीत के दौरान जब उनसे ‘धुरंधर’ के लिए भी इसी तरह के सम्मान की उम्मीद के बारे में पूछा गया था, तो उन्होंने इसे अपने माता-पिता के आशीर्वाद और अपनी मेहनत का परिणाम बताया था।
ग्रैमी अवॉर्ड्स 2027 में जुड़ेंगी नई कैटेगरी
अगला ग्रैमी अवॉर्ड्स समारोह 7 फरवरी 2027 को आयोजित किया जाएगा। इस बार के एडिशन में लैटिन, एशियन पॉप और R&B जॉनर सहित कुल पांच नई कैटेगरी जोड़ी जा रही हैं। इसके अलावा बेस्ट न्यू आर्टिस्ट और बेस्ट एल्बम कैटेगरी में भी कुछ अहम बदलाव किए गए हैं।
नए नियमों के तहत, अब विभिन्न जॉनर की एल्बम कैटेगरी जीतने वाली प्रविष्टियों के मुख्य योगदानकर्ताओं को भी ग्रैमी ट्रॉफी और अचीवमेंट सर्टिफिकेट दिए जाएंगे। अब तक यह सम्मान मुख्य रूप से केवल प्रोड्यूसर्स और साउंड इंजीनियर्स को ही मिलते रहे हैं।
ग्रैमी में भारतीय कलाकारों का इतिहास
अंतरराष्ट्रीय संगीत जगत के इस प्रतिष्ठित मंच पर भारत के कई दिग्गज कलाकार अपनी छाप छोड़ चुके हैं। पंडित रवि शंकर, जाकिर हुसैन, ए.आर. रहमान और रिकी केज जैसे नाम ग्रैमी अपने नाम कर चुके हैं। इसके अलावा कई अन्य भारतीय और भारतीय मूल के संगीतकार भी अलग-अलग कैटेगरी में नॉमिनेशन हासिल कर चुके हैं।
