आजादी के अमृत महोत्सव के तहत संचालित 'हर घर तिरंगा' अभियान के अंतर्गत गुरुवार को जिला प्रशासन की ओर से झुंझुनूं में भव्य जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। जिला कलेक्टर अरुण कुमार गर्ग ने कलेक्ट्रेट परिसर से स्कूली छात्र-छात्राओं की रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में जिले के विभिन्न विद्यालयों के सैकड़ों विद्यार्थियों ने हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के नारों के साथ शहर की प्रमुख सड़कों पर मार्च किया और आमजन को 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस पर अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित किया।अभियान के दौरान प्रशासन की ओर से 1100 तिरंगों का वितरण भी किया गया। विद्यार्थियों ने नागरिकों को राष्ट्रध्वज के सम्मान, राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता का संदेश देते हुए अभियान में बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाने का आह्वान किया।इस अवसर पर जिला कलेक्टर अरुण कुमार गर्ग ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर चल रहे 'हर घर तिरंगा' अभियान को इस वर्ष भी जिलेभर में व्यापक स्तर पर आयोजित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि अभियान के तहत हजारों तिरंगों का वितरण किया जाएगा, जिससे अधिक से अधिक लोग अपने घरों पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराकर स्वतंत्रता दिवस को उत्साह, गौरव और राष्ट्रभक्ति के साथ मना सकें।कार्यक्रम प्रभारी देवकीनंदन ने बताया कि अभियान का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक को राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान और देशभक्ति की भावना से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि प्रशासन, शिक्षा विभाग एवं विभिन्न संस्थाओं के सहयोग से जिलेभर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि हर घर तक तिरंगा पहुंच सके और अभियान जन-जन का उत्सव बन सके।
झुंझुनूं में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को लेकर भव्य जागरूकता रैली
राज्य समाचार
