उज्जैन से अयोध्या तक निकाली जा रही 'सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा' रविवार को राजगढ़ जिले की सीमा पार कर गुना जिले में दाखिल हो गई। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के नेतृत्व में चल रही इस पदयात्रा का रविवार का पड़ाव चाचौड़ा विधानसभा क्षेत्र में रहा, जहां यात्रियों ने दिल्ली के रामलीला मैदान में हुए INDIA गठबंधन के मार्च का लाइव प्रसारण देखा।
यात्रा के दौरान एक एलईडी वैन के जरिए रामलीला मैदान के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण दिखाया गया। दिग्विजय सिंह समेत तमाम पदयात्रियों ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी का भाषण और पूरा कार्यक्रम स्क्रीन पर सुना।
चंदा चोरी और वोट चोरी के मुद्दों पर फोकस
यात्रा के बीच इस लाइव प्रसारण को दिखाने का मुख्य उद्देश्य देशव्यापी आंदोलनों के प्रति जनचेतना फैलाना था। आयोजकों के मुताबिक, यह यात्रा मुख्य रूप से दो बड़े मुद्दों को लेकर आगे बढ़ रही है—धार्मिक स्थलों पर मिलने वाले दान और चढ़ावे के पैसों का पारदर्शी इस्तेमाल तथा चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग। इसके साथ ही वोट चोरी के आरोपों की निष्पक्ष जांच की मांग को भी यात्रा के एजेंडे में शामिल किया गया है।
ग्रामीण इलाकों से गुजरी पदयात्रा
रविवार सुबह तय कार्यक्रम के मुताबिक कालीपीठ से पदयात्रा की शुरुआत हुई। इसके बाद यात्रा ने ग्राम बनानिया, खारपरस, भवानीपुरा, चौकी चन्दरपुरा और संवासड़ा के ग्रामीण इलाकों से होते हुए आगे का सफर तय किया। रास्ते में स्थानीय ग्रामीणों ने यात्रा का स्वागत किया और इसमें हिस्सेदारी भी की।
दोपहर के वक्त भोजन और विश्राम के बाद यात्रा का दूसरा चरण शुरू हुआ। इस दौरान पदयात्रियों का काफिला ग्राम बड़ी मुरैली और गैला का पुरा से गुजरते हुए नयापुरा जोड़ की तरफ आगे बढ़ा।
