आइटेल A100 प्रो बजट स्मार्टफोन लॉन्च, 100 दिन की फ्री स्क्रीन रिप्लेसमेंट वारंटी के साथ मिल सकेगा
टेक ब्रांड आइटेल ने भारत में अपना नया बजट स्मार्टफोन आइटेल A100 प्रो लॉन्च कर दिया है। यह इसी साल फरवरी में लॉन्च हुए आइटेल A100 का अपग्रेडेड वर्जन है। कंपनी ने इस फोन को खास तौर पर मजबूती और लंबी बैटरी लाइफ के साथ पेश किया है। फोन के साथ 100 दिन की फ्री स्क्रीन रिप्लेसमेंट वारंटी भी दी जा रही है। इसकी कीमत 8,999 रुपए रखी गई है। आइटेल A100 प्रो में 6.6 इंच की HD+ IPS LCD डिस्प्ले दी गई है, जो 90Hz रिफ्रेश रेट के साथ आती है। फोन में टेक्स्चर बैक पैनल, मिलिट्री ग्रेड सर्टिफिकेशन, 3.5mm ऑडियो जैक और IR ब्लास्टर जैसे फीचर्स मिलते हैं। IR ब्लास्टर की मदद से यूजर्स टीवी और एसी जैसे डिवाइस को कंट्रोल कर सकते हैं। इसमें आईफोन जैसे डायनैमिक बार फीचर भी दिया गया है, जो कॉल, नोटिफिकेशन और चार्जिंग के दौरान कैमरे के पास पॉप-अप के रूप में दिखाई देता है।
परफॉर्मेंस के लिए फोन में यूनिसोक T7100 ऑक्टा-कोर प्रोसेसर दिया है। यह 3GB रैम और 64GB स्टोरेज के सिंगल वेरिएंट में आता है। मेमोरी फ्यूजन तकनीक के जरिए रैम को वर्चुअली 8GB तक बढ़ाया जा सकता है। फोन एंड्रॉइड 15 गो एडिशन पर चलता है, जिससे कम रैम में भी बेहतर परफॉर्मेंस मिलती है। इसमें अल्ट्रालिंक टेक्नोलॉजी भी दी गई है, जिसकी मदद से मोबाइल नेटवर्क न होने की स्थिति में भी कॉलिंग की सुविधा मिलती है।
कैमरा सेटअप इसमें 8 मेगापिक्सल का रियर कैमरा और 5 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा दिया गया है। वहीं पावर बैकअप के लिए 5000mAh की बैटरी मिलती है, जो सामान्य इस्तेमाल में डेढ़ से दो दिन तक चल सकती है। कंपनी बॉक्स में 10W चार्जर है। मजबूत डिजाइन, बड़ी बैटरी और खास फीचर्स के साथ आइटेल A100 प्रो बजट सेगमेंट में एक किफायती स्मार्टफोन विकल्प के रूप में माना जा रहा है।
