जोधपुर एयरपोर्ट के नए टर्मिनल से शुरू हुई नियमित उड़ानें, गजेंद्र सिंह शेखावत ने पहले यात्री को किया रवाना
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 4 जुलाई को राष्ट्र को समर्पित किए गए जोधपुर एयरपोर्ट के नए टर्मिनल भवन से रविवार को नियमित विमान सेवाओं का संचालन शुरू हो चुका है.. नए टर्मिनल के पहले दिन केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने पहली उड़ान के यात्री चंद्रवीर सिंह को टिकट और स्वागत किट देकर शुभकामनाओं के साथ रवाना किया। इस मौके पर पहले फ्लाइट से आने वाले यात्रियों का राजस्थानी परंपरा के अनुसार लोक कलाकारों की प्रस्तुतियों, बैंड बाजे और पुष्पगुच्छ के साथ स्वागत किया गया।
केंद्रीय मंत्री शेखावत ने कहा कि जोधपुर एयरपोर्ट के आधुनिकीकरण और नए टर्मिनल के निर्माण के लिए पिछले 12 वर्षों से प्रयास किए जा रहे थे, जो अब पूरा हुआ है। उन्होंने कहा कि नए टर्मिनल से नियमित उड़ानों की शुरुआत जोधपुर और पूरे मारवाड़ क्षेत्र के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि है। उन्होंने बताया कि वादे के अनुसार 12 जुलाई से नई सुविधा के साथ विमान सेवाएं शुरू कर दी गई हैं और जोधपुर अब आधुनिक नागरिक उड्डयन सुविधाओं के नए दौर में प्रवेश कर चुका है।
शेखावत के मुताबिक नया टर्मिनल जोधपुर की नई पहचान बनेगा और यहां आने वाले यात्रियों को विश्वस्तरीय सुविधाओं के साथ मारवाड़ की संस्कृति और आतिथ्य का अनुभव मिलेगा। उन्होंने बताया कि वर्ष 2014 की तुलना में जोधपुर एयरपोर्ट पर यात्रियों की संख्या 10 गुना से ज्यादा बढ़ चुकी है और विमान परिचालन में भी बड़ा विस्तार हुआ है।
उन्होंने कहा कि हवाई कनेक्टिविटी के साथ-साथ जोधपुर में रेल और सड़क इंफ्रास्ट्रक्चर का भी तेजी से विकास हुआ है। नई रेल सेवाओं, फोरलेन सड़कों, एलिवेटेड रोड और अन्य परियोजनाओं से क्षेत्र की कनेक्टिविटी मजबूत हुई है। इस अवसर पर शहर विधायक अतुल भंसाली, एयरपोर्ट अथॉरिटी के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में यात्री मौजूद रहे।
