बुरहानपुर पहुंचे खंडवा-बुरहानपुर सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल ने इंदौर में हुए कांग्रेस के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को लेकर तीखा रुख अपनाया है। उन्होंने इस आयोजन को राजनीतिक सर्कस करार देते हुए कांग्रेस पर युवाओं को गुमराह करने और भड़काने का गंभीर आरोप लगाया है।
सांसद पाटिल ने स्थानीय दौरे के दौरान कहा कि कांग्रेस राजनीतिक स्वार्थ के लिए युवाओं का इस्तेमाल कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी और कांग्रेस नेताओं की राजनीति ऐसी है जिससे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दिवंगत मां का अपमान हुआ है।
मातृशक्ति के अपमान का आरोप
सांसद ने कहा कि भारतीय संस्कृति में मां का स्थान सर्वोच्च है, चाहे वे इस दुनिया में हों या नहीं। पाटिल के मुताबिक, देश की करोड़ों माताएं और बहनें इस तरह के कृत्यों को कभी माफ नहीं करेंगी।
ज्ञानेश्वर पाटिल ने कहा- "राहुल गांधी का यह छात्रों की गूंज कार्यक्रम नहीं, बल्कि एक सर्कस है। युवाओं को भड़काने और गुमराह करने का काम कांग्रेस कर रही है। प्रधानमंत्री मोदी जी की मां आज इस दुनिया में नहीं हैं, लेकिन हम मां का सम्मान जीवित रहते भी करते हैं और उनके नहीं रहने पर भी करते हैं। ऐसी मां का अपमान देश की मातृशक्ति कभी माफ नहीं करेगी।"
कन्हैया कुमार और डीयू चुनाव का जिक्र
अपने बयान में सांसद ने कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार का भी उल्लेख किया और आरोप लगाया कि पार्टी युवाओं को गुमराह करने के लिए उनका इस्तेमाल कर रही है। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ (DUSU) चुनाव के नतीजों का हवाला देते हुए कहा कि वहां के छात्रों ने कांग्रेस की राजनीति को स्पष्ट संदेश दे दिया है।
सांसद पाटिल ने कहा- "दिल्ली विश्वविद्यालय के चुनाव में विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं की जीत ने राहुल गांधी और कन्हैया कुमार को जवाब दिया है। देश के युवाओं का भविष्य राष्ट्र निर्माण, शिक्षा और रोजगार से जुड़ा है, न कि राजनीतिक उकसावे से।"
