कोलकाता में निर्माण स्थल पर हादसा
पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में तारातला ट्रांसपोर्ट डिपो के पास दोपहर 1.30 बजे निर्माणाधीन गोदाम का शेड अचानक गिर गया। जिसमें कई मजदूर दब गए। हादसे में अब तक 5 लोगों की जान चली जाने की खबर सामने आ रही है, जबकि करीब 50 से 55 लोगों के मलबे में फंसे होने की आशंका जताई जा रही है। जानकारी की मुताबिक अभी 4 लोगों का रेस्क्यू किया गया है। हादसे के वक्त गोदाम में कंक्रीट ढलाई का काम चल रहा था। पुलिस के मुताबिक, कोलकाता पुलिस, डिजास्टर मैनेजमेंट ग्रुप, सिविल डिफेंस, फायर एंड इमरजेंसी सर्विसेज और सेना भी रेस्क्यू में जुटी हुई है । मलबे और लोहे की रॉड को हटाने के लिए क्रेन मंगाई गई है। गैस कटर से लोहे की छड़ों को काटा जा रहा है। मलबे में दबे मजदूरों-कर्मचारियों की चीखें भी सुनाई दे रही हैं, उन्हें जल्द से जल्द रेस्क्यू करने के प्रयास जारी हैं। गोदाम का एक हिस्सा अचानक गिरा, जिसके बाद आसपास मौजूद लोग फंसे हुए लोगों को निकालने में जुट गए। घटनास्थल पर कई एंबुलेंस तैनात की गई हैं। मलबे से बाहर निकाले गए घायल मजदूरों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में भेजा जा रहा है। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद निर्माण स्थल की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। प्रशासन यह जांच कर रहा है कि निर्माण कार्य के दौरान मजदूरों की सुरक्षा के लिए जरूरी इंतजाम किए गए थे या नहीं। स्थानीय लोगों ने अनुमान लगाया है कि मंगलवार को हुई भारी बारिश के कारण निर्माणाधीन ढांचा कमजोर हुआ होगा। हादसे की असली वजह जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगी।

