बिछिया नगर पालिका परिसर स्थित स्नातक महाविद्यालय में जन विश्वास शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में प्रदेश सरकार की कैबिनेट मंत्री संपतिया उइके मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने स्थानीय नागरिकों और किसानों से सरकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।
मंत्री उइके ने किसानों की आय बढ़ाने पर जोर देते हुए कहा कि पारंपरिक खेती के साथ मशरूम उत्पादन को अपनाकर आमदनी बढ़ाई जा सकती है। उन्होंने कहा कि कम लागत में अधिक मुनाफा देने वाले इस व्यवसाय से जुड़कर किसान आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकते हैं।
13 शिविरों के जरिए हो रहा समस्याओं का समाधान
शिविर के दौरान मंडला कलेक्टर राहुल नामदेव धोटे ने अभियान की प्रगति साझा की। कलेक्टर ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर गत 7 अगस्त से जिले में जन विश्वास अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत अब तक 13 शिविर आयोजित किए जा चुके हैं।
इसी अभियान के सिलसिले में बिछिया क्षेत्र के विभिन्न शासकीय कार्यालयों का निरीक्षण किया गया, जिसके बाद जनसुनवाई आयोजित हुई। इस सुनवाई में नागरिकों की तरफ से कुल 70 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें से 65 शिकायतों और मांगों का मौके पर ही निपटारा कर दिया गया, जबकि शेष 5 विभागों से जुड़े मामलों के लिए संबंधित अधिकारियों को समय-सीमा के भीतर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
अधिकारियों को सख्त निर्देश
प्रशासनिक स्तर पर स्पष्ट किया गया है कि जनता से मिलने वाले हर एक आवेदन का बारीकी से परीक्षण किया जाए। पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ तय समय-सीमा में मिलना सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम जनता को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न काटने पड़ें।
