मंदसौर के प्रसिद्ध भगवान श्री पशुपतिनाथ मंदिर तक पहुंचने वाली प्राचीन छोटी पुलिया की सड़क इन दिनों बदहाल स्थिति में है। डामर उखड़ने और बड़े-बड़े गड्ढे बन जाने के कारण यहां से गुजरने वाले वाहन चालकों और श्रद्धालुओं को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
यह मार्ग शहर के प्रमुख धार्मिक स्थलों में शुमार पशुपतिनाथ मंदिर का मुख्य रास्ता है, जहां रोजाना हजारों भक्त दर्शन के लिए आवागमन करते हैं। इसके बावजूद प्रशासनिक स्तर पर इस सड़क की सुध लेने वाला कोई नहीं है, जिससे स्थानीय लोगों में नाराजगी है।
रात के समय हादसे का अंदेशा
पुलिया पर बने गहरे गड्ढों के कारण दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों का संतुलन बिगड़ रहा है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, अंधेरा होने के बाद सड़क पर बने गड्ढे दिखाई नहीं देते, जिससे हादसों की आशंका लगातार बनी रहती है। कई बार वाहन चालक अनियंत्रित होकर यहां गिर भी चुके हैं।
प्रमुख धार्मिक स्थल का रास्ता होने के बावजूद बुनियादी सुविधाओं का अभाव जिम्मेदारों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रहा है। श्रद्धालुओं का कहना है कि जब त्योहारों या विशेष अवसरों पर भीड़ बढ़ती है, तो स्थिति और भी खतरनाक हो जाती है।
जल्द मरम्मत की उठी मांग
हालिया हालात से परेशान क्षेत्रवासियों और मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं ने प्रशासन से तत्काल प्रभाव से छोटी पुलिया की सड़क का डामरीकरण करवाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि किसी बड़ी अनहोनी के होने से पहले ही जिम्मेदार विभाग को इस मार्ग की मरम्मत का काम शुरू कर देना चाहिए ताकि आवागमन सुगम और सुरक्षित हो सके।
