बुरहानपुर के जननायक और निमाड़ में नंदू भैया के नाम से लोकप्रिय रहे पूर्व सांसद एवं भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वर्गीय नंदकुमार सिंह चौहान की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। स्व. नंदकुमार सिंह चौहान उद्यान में आयोजित कार्यक्रम में सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल, विधायक मंजू दादू और पूर्व मंत्री अर्चना चिटनीस सहित जनप्रतिनिधियों ने उनकी प्रतिमा पर पुष्पमाला अर्पित कर नमन किया। इस अवसर पर इंदौर के राजश्री अपोलो अस्पताल की टीम द्वारा नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर भी आयोजित किया गया।
श्रद्धांजिल कार्यक्रम आयोजित
नंदकुमार सिंह चौहान की जयंती के अवसर पर स्व. नंदू भैया उद्यान में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित हुआ। सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल ने उन्हें अपना राजनीतिक गुरु बताते हुए कहा कि आज भी लोग उन्हें नंदू भैया के अधूरे कार्य और सपनों की याद दिलाते हैं। उन्होंने कहा कि वे उनके बताए मार्ग पर चलते हुए अधूरे कार्यों को पूरा करने के प्रयास में जुटे हैं। विधायक मंजू दादू ने भी नंदू भैया की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी,वही स्वास्थ्य शिविर में पहुंचकर आम जन्मश को प्रेरणा देने के लिए स्वयं ने भी अपोलो के डॉक्टर द्वारा अपना स्वास्थ्य परीक्षण कराया जिसमें ब्लड प्रेशर भी नापा गया।
निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर
जयंती के अवसर पर राजश्री अपोलो अस्पताल इंदौर की टीम ने नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर लगाया। शिविर में सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल और विधायक मंजू दादू ने भी स्वास्थ्य जांच कराई। पूर्व मंत्री अर्चना चिटनीस ने शिविर का जायजा लेते हुए बताया कि बुरहानपुर जिले के बड़ी संख्या में लोग इसका लाभ ले रहे हैं। शिविर में लिवर, किडनी और अन्य महत्वपूर्ण स्वास्थ्य जांच आधुनिक मशीनों के जरिए नि:शुल्क की जा रही हैं। वहीं नंदकुमार सिंह चौहान के पुत्र हर्षवर्द्धन सिंह चौहान ने कहा कि परिवार उनके आदर्शों और विचारों को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।नंदू भैया की जयंती पर आयोजित श्रद्धांजलि और स्वास्थ्य शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर उन्हें याद किया और नि:शुल्क स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लिया।
