जेल में बंद नरेश मीणा को मिलेगा हनुमान बेनीवाल का साथ? बेटे अनिरुद्ध ने सांसद से की मुलाकात
थप्पड़ कांड से चर्चा में आए भगत सिंह सेना के प्रमुख नरेश मीणा इन दिनों जमानत रद्द होने के बाद टोंक जेल में बंद हैं। उनकी रिहाई को लेकर समर्थक सक्रिय नजर आ रहे हैं। इसी बीच नरेश मीणा के बेटे अनिरुद्ध मीणा ने समर्थकों के साथ नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल से उनके जालूपुरा स्थित आवास पर मुलाकात की। नरेश मीणा के समर्थक और मीडिया का काम देख रहे राकेश बैंसला के अनुसार, सोमवार को बेनीवाल ने अनिरुद्ध से मिलने की इच्छा जताई थी, जिसके बाद अनिरुद्ध, अबरार मलारना और अन्य समर्थक सांसद के आवास पहुंचे। यहां काफी देर तक बातचीत हुई। बताया गया कि बेनीवाल ने अनिरुद्ध का हालचाल जानने के साथ नरेश मीणा के मामले की जानकारी भी ली और उनके साथ खड़े रहने की बात कही। इस मुलाकात का वीडियो भी सामने आया है, जिसके बाद राजस्थान की सियासत में चर्चाएं तेज हो गई हैं। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि बेनीवाल नरेश मीणा की कानूनी रिहाई के लिए कोई औपचारिक पहल करेंगे या नहीं।
6 अगस्त को नरेश मीणा ने किया था सरेंडर
टोंक एसटी-एससी कोर्ट द्वारा जमानत रद्द किए जाने के बाद नरेश मीणा को 6 अगस्त को आत्मसमर्पण करने के निर्देश दिए गए थे। इसके बाद उन्होंने अपने समर्थकों के साथ नगरफोर्ट पुलिस थाने पहुंचकर सरेंडर किया था। कोर्ट ने उन्हें 19 अगस्त तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया। इसके बाद नरेश मीणा की ओर से जमानत याचिका दाखिल की गई, लेकिन 10 अगस्त को हुई सुनवाई में कोर्ट ने जमानत याचिका खारिज कर दी। अब उनके बेटे की हनुमान बेनीवाल से मुलाकात के बाद समर्थकों को उम्मीद है कि उनकी रिहाई को लेकर आगे कोई राजनीतिक या कानूनी पहल हो सकती है। हालांकि, फिलहाल बेनीवाल की ओर से नरेश मीणा की रिहाई को लेकर किसी औपचारिक घोषणा की जानकारी सामने नहीं आई है।
