एमजी मोटर इंडिया 16 जुलाई को भारत में अपनी नई 'न्यू एनर्जी व्हीकल टेक्नोलॉजी पेश करने जा रही है। माना जा रहा है कि कंपनी इस इवेंट में अपनी नई प्लग-इन हाइब्रिड (PHEV) और इलेक्ट्रिक व्हीकल (EV) तकनीक को शोकेस करेगी। इसी तकनीक का इस्तेमाल कंपनी अपनी अपकमिंग 7-सीटर एसयूवी में कर सकती है, जिसे अंतरराष्ट्रीय बाजार में उपलब्ध वुलिंग स्टारलाइट 560 का रीबैज्ड मॉडल माना जा रहा है। रिपोर्ट्स के अनुसार यह एसयूवी भारत में '520' कोडनेम के साथ 2026 के अंत या 2027 की शुरुआत में लॉन्च हो सकती है।
अपकमिंग एसयूवी को दो पावरट्रेन विकल्पों के साथ लाए जाने की संभावना है। प्लग-इन हाइब्रिड वैरिएंट में 1.5 लीटर पेट्रोल इंजन के साथ 20.5kWh बैटरी पैक मिलेगा, जो 195hp की पावर और 230Nm का टॉर्क जनरेट करेगा। कंपनी का मानना है कि यह मॉडल केवल बैटरी पर करीब 125 किलोमीटर और पेट्रोल व बैटरी के संयुक्त उपयोग से 1,000 किलोमीटर से अधिक की कुल ड्राइविंग रेंज देने में सक्षम होगा। वहीं, पूरी तरह इलेक्ट्रिक वैरिएंट में 69.2kWh बैटरी पैक और 201hp की इलेक्ट्रिक मोटर दी जाएगी, जो सिंगल चार्ज पर लगभग 530 किलोमीटर की रेंज देने का दावा करती है।
फीचर्स की बात की जाये तो एसयूवी में 12.8 इंच का बड़ा टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, 8.8 इंच का डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, पैनोरमिक सनरूफ, वेंटिलेटेड और पावर्ड फ्रंट सीट्स, वायरलेस फोन चार्जिंग, ऑटोमैटिक क्लाइमेट कंट्रोल, प्रीमियम ऑडियो सिस्टम और ADAS जैसे एडवांस सेफ्टी फीचर्स मिल सकते हैं। इसके अलावा इसमें 6 एयरबैग, टायर प्रेशर मॉनिटरिंग सिस्टम (TPMS), हिल-होल्ड असिस्ट और इलेक्ट्रॉनिक पार्किंग ब्रेक जैसे सुरक्षा फीचर्स भी दिए जाने की उम्मीद है।
भारतीय बाजार में लॉन्च होने के बाद एमजी की यह नई एसयूवी प्रीमियम सेगमेंट में महिंद्रा XUV 7XO, टाटा सफारी और आने वाली महिंद्रा XEV 9S जैसी गाड़ियों को कड़ी टक्कर दे सकती है। नई एनर्जी टेक्नोलॉजी के जरिए एमजी भारतीय बाजार में हाइब्रिड और इलेक्ट्रिक मोबिलिटी सेगमेंट में अपनी मौजूदगी को और मजबूत करने की तैयारी में है।
