रामदेवरा दर्शन के लिए पैदल जा रहे एक श्रद्धालु को नीमच के पास सागराना घाटी के पास शनिवार को एक तेज रफ्तार कार ने पीछे से टक्कर मार दी। इस हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए 53 वर्षीय श्रद्धालु ने जिला अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान मदनलाल वर्मा (53) पुत्र बापूलाल वर्मा के रूप में हुई है, जो देवास जिले के गंधर्वपुरी के रहने वाले थे। हादसे के वक्त मदनलाल नीमच से गुजर रहे थे, तभी पीछे से आ रही वेन्यू कार (क्रमांक GJ 38 BD 4889) ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद उनके सिर में गंभीर चोटें आईं। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से उन्हें तुरंत जिला अस्पताल नीमच पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
30 अगस्त को शुरू की थी पदयात्रा
मृतक के साथ रहे उनके मित्र राजेश कुमार ने बताया कि मदनलाल वर्मा ने 30 अगस्त को गंधर्वपुरी से रामदेवरा के लिए अपनी पदयात्रा शुरू की थी। शनिवार को वे नीमच पहुंचे थे और सागराना घाटी के पास यह हादसा हो गया।
घटना की सूचना मिलने के बाद परिजन और परिचित तुरंत नीमच पहुंचे। पुलिस ने आवश्यक औपचारिकताओं को पूरा करते हुए रविवार को जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया, जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
मामला दर्ज, जांच जारी
पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया है और कार चालक की तलाश के साथ ही हादसे की अन्य परिस्थितियों की पड़ताल की जा रही है।
