कटनी जिले में पॉक्सो अधिनियम के तहत दर्ज मामलों की विवेचना और पीड़ित बच्चों को समय पर न्याय दिलाने को लेकर विशेष कदम उठाया गया है। विशेष किशोर पुलिस इकाई (SJPU) कटनी की ओर से बाल कल्याण पुलिस अधिकारियों के लिए एक प्रशिक्षण सह गतिविधि सत्र का आयोजन किया गया। इस सत्र का मुख्य उद्देश्य पीड़िताओं और पीड़ित बच्चों को संवेदनशील माहौल देने के साथ कानूनी प्रक्रियाओं को तय समय सीमा में पूरा करना है।
यह पूरा कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य के मार्गदर्शन और उप पुलिस अधीक्षक शिवा पाठक के नेतृत्व में संपन्न हुआ। इसमें कटनी शहर अनुविभाग के विभिन्न थानों में तैनात बाल कल्याण पुलिस अधिकारी शामिल हुए, जिन्हें मामलों की जांच के दौरान कानूनी प्रावधानों और संवेदनशीलता बरतने के तौर-तरीके सिखाए गए।
विवेचना के दौरान किन बातों पर रहा जोर
प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों को पॉक्सो मामलों की जांच से जुड़े अहम पहलुओं की जानकारी दी गई। इसमें अधिनियम के विशेष प्रावधानों का अनिवार्य पालन करने और निर्धारित समय सीमा में कानूनी कार्रवाई पूरी करने पर विशेष जोर दिया गया। इसके अलावा, विवेचना के दौरान पीड़ित बच्चे की पहचान और गोपनीयता पूरी तरह सुरक्षित रखने के निर्देश दिए गए।
अधिकारियों को बच्चों के साथ बाल हितैषी और संवेदनशील रुख अपनाने की सीख दी गई। साथ ही, पीड़ित बालक या बालिका के राहत और पुनर्वास के लिए पुलिस, बाल कल्याण समिति, स्वास्थ्य और शिक्षा विभाग के बीच आपसी तालमेल बेहतर करने पर चर्चा हुई, ताकि बच्चों को समय पर चिकित्सा, परामर्श, संरक्षण और मुआवजा जैसी सुविधाएं मिल सकें।
'प्रारूप क' और 'प्रारूप ख' की हुई हैंड्स-ऑन प्रैक्टिस
सत्र के दौरान आवाज जन कल्याण समिति के जिला समन्वयक देवेन्द्र गुप्ता ने ‘प्रारूप क’ और ‘प्रारूप ख’ की उपयोगिता और उन्हें भरने की प्रक्रिया समझाई। अधिकारियों को केवल सैद्धांतिक जानकारी देने के बजाय मौके पर ही दोनों प्रारूप भरवाकर हैंड्स-ऑन प्रैक्टिस कराई गई, ताकि वास्तविक मामलों के आने पर कागजी कार्रवाई में किसी तरह की चूक न हो।
कार्यक्रम में विशेष किशोर पुलिस इकाई प्रभारी फरजाना परवीन, देवकी नंदन परोहा, मुकेश पांडे समेत शहर अनुविभाग के सभी बाल कल्याण पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। वहीं, आवाज जन कल्याण समिति की ओर से मयंक मिश्रा, कल्पना द्विवेदी, मनोज बासरकर और दुर्गा जायसवाल ने भी सत्र में अपनी हिस्सेदारी निभाई। कार्यक्रम का संचालन देवेन्द्र गुप्ता ने किया।
