अंतरराष्ट्रीय पुष्कर मेले में इस बार मारवाड़ी नस्ल के घोड़ों की धूम है। मेले में देश के नामी स्टड फार्म्स से पहुंचे घोड़ों के बीच नसीराबाद के 'देव कांटा' ने सैलानियों और पशु पालकों का सबसे ज्यादा ध्यान खींचा है। साढ़े चार साल की उम्र और करीब साढ़े 65 इंच की ऊंचाई वाले इस काले रंग के सुडौल घोड़े को देखने के लिए मेला ग्राउंड में लगातार भीड़ जुट रही है।
शाही कद-काठी और दमदार बनावट
मेले में आकर्षण का केंद्र बने देव कांटे की शारीरिक बनावट और कद-काठी देखते ही बनती है। अश्व पालकों और जानकारों के मुताबिक, इसकी कीमत करोड़ों रुपये आंकी गई है। हालांकि, इसके मालिक का कहना है कि यह घोड़ा उनके लिए अनमोल है और वे इसे बेचने का कोई इरादा नहीं रखते।
घोड़े के मालिक और नसीराबाद निवासी सोनू चौधरी ने बताया कि देव कांटे की वंशावली काफी मजबूत है। इसके पिता 'काला कांटा' मारवाड़ी नस्ल के बेहद प्रसिद्ध घोड़े रहे हैं, जबकि इसकी मां का नाम 'गोल्डन स्टार' है। बेहतरीन ब्लडलाइन और शानदार शारीरिक संरचना के कारण इस घोड़े को देखने दूर-दूर से लोग पहुंच रहे हैं।
ब्रीडिंग से हो रही है लाखों की कमाई
देव कांटे की लोकप्रियता का अंदाजा इसकी ब्रीडिंग डिमांड से लगाया जा सकता है। इसके मालिक के अनुसार, इसकी एक बार की ब्रीडिंग की कीमत एक लाख रुपये तय है। अब तक इसकी 35 बार ब्रीडिंग कराई जा चुकी है, जिसके नतीजे बेहद शानदार रहे हैं।
काला कांटा और देव कांटे की इस नस्ल से तैयार होने वाले बच्चे अपनी बेहतरीन क्वालिटी के लिए जाने जाते हैं। यही वजह है कि इसके जरिए पैदा होने वाले घोड़ों की बाजार में भारी मांग है और उनकी खरीद-फरोख्त भी ऊंचे दामों पर होती है। पशुपालकों के बीच देव कांटा अब अपने आप में एक ब्रांड बन चुका है, जो मेले में आने वाले हर पर्यटक की जिज्ञासा का विषय बना हुआ है।
