राजस्थान सरकार ने आगामी निकाय और पंचायत चुनावों से ठीक पहले प्रशासनिक अमले में बड़ा फेरबदल किया है। कार्मिक विभाग ने आदेश जारी कर 183 राजस्थान प्रशासनिक सेवा (आरएएस) अधिकारियों के तबादले कर दिए हैं, जो तत्काल प्रभाव से लागू हो गए हैं। इस सूची में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के ओएसडी योगेश कुमार श्रीवास्तव और चर्चित आरएएस पिंकी मीणा समेत कई प्रमुख नाम शामिल हैं।
राज्य निर्वाचन आयोग के तय दिशानिर्देशों के तहत यह कार्रवाई की गई है। आयोग के नियमों के मुताबिक, जो अधिकारी पिछले तीन साल से एक ही स्थान पर जमे हुए थे या अपने गृह जिलों में पदस्थ थे, उन सभी को सूची में शामिल करते हुए अन्य जिलों में भेजा गया है। माना जा रहा है कि इस कदम से स्थानीय चुनावों की प्रक्रिया को पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी रखने में मदद मिलेगी।
योगेश श्रीवास्तव और पिंकी मीणा को नई जिम्मेदारी
तबादला सूची में सबसे चर्चा का विषय मुख्यमंत्री कार्यालय में ओएसडी के रूप में तैनात रहे योगेश कुमार श्रीवास्तव का ट्रांसफर है। वर्ष 2008 बैच के आरएएस अधिकारी श्रीवास्तव को अब गंगानगर शुगर मिल्स लिमिटेड, जयपुर में महाप्रबंधक पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
दूसरी ओर, पिछले दो महीने के भीतर चर्चा में आईं आरएएस अधिकारी पिंकी मीणा का एक बार फिर तबादला कर दिया गया है। उन्हें सवाई माधोपुर में प्रशासनिक सुधार और समन्वय विभाग के सहायक निदेशक पद से हटाकर दौसा में सहायक कलेक्टर मुख्यालय के पद पर तैनात किया गया है।
इन अफसरों के भी बदले पदस्थापन
सूची के मुताबिक, महावीर खराड़ी, अशोक कुमार चतुर्थ, नरेश बुनकर, राजवीर सिंह चौधरी, अशोक कुमार शर्मा, आलोक जैन, आकाश रंजन, जगदीश प्रसाद गौड़, राजकुमार कस्वा और ओम प्रकाश सहारण समेत 183 अधिकारियों के ठिकाने बदले गए हैं। इनमें विभिन्न जिलों के एसडीएम, एडीएम और स्थानीय निकायों के प्रमुख पद शामिल हैं।
प्रशासनिक जानकारों का कहना है कि निकाय और पंचायत चुनावों की आचार संहिता लागू होने से पहले सरकार प्रशासनिक मशीनरी को पूरी तरह दुरुस्त करना चाहती है। आरएएस अधिकारियों के बाद अब जल्द ही आईएएस अफसरों की तबादला सूची भी सामने आने की संभावना जताई जा रही है।
