राजस्थान रिफाइनरी प्रोजेक्ट के विस्तार की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए एचपीसीएल ने राज्य में 304 नए पेट्रोल पंप खोलने के लिए स्थान चिह्नित कर लिए हैं। इस योजना के तहत एचपीसीएल करीब 400 करोड़ रुपये का निवेश करेगा। शनिवार को सचिवालय में मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने एचपीसीएल और एचआरआरएल के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर इन प्रस्तावों को गति देने पर चर्चा की।
31 जुलाई तक तैयार होगी नई लीज नीति
बैठक में तय हुआ कि नए रिटेल आउटलेट्स की स्थापना के लिए सरकारी भूमि को पट्टे (लीज) पर उपलब्ध कराने हेतु 31 जुलाई तक एक नई नीति तैयार की जाएगी। इसके अलावा, एचपीसीएल और एचआरआरएल ने आरटीपीपी अधिनियम के तहत सरकारी विभागों की ईंधन खरीद में स्वयं को 'प्रेफरेंशियल सप्लायर' का दर्जा देने का भी अनुरोध किया है, ताकि पचपदरा स्थित रिफाइनरी की क्षमता का बेहतर उपयोग हो सके।
80 हजार करोड़ का प्रोजेक्ट और रोजगार
80 हजार करोड़ रुपये की लागत वाला यह रिफाइनरी प्रोजेक्ट प्रदेश की अर्थव्यवस्था के लिए गेमचेंजर माना जा रहा है। इससे न केवल औद्योगिक निवेश को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि बड़ी संख्या में रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे। बैठक में अतिरिक्त मुख्य सचिव अपर्णा अरोड़ा, भास्कर ए. सावंत, कुलदीप रांका, आलोक गुप्ता और एचपीसीएल के विपणन निदेशक अमित गर्ग सहित वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
4 जुलाई को पचपदरा रिफाइनरी का उद्घाटन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 4 जुलाई को पचपदरा में देश की पहली ग्रीनफील्ड एकीकृत रिफाइनरी-सह-पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स का उद्घाटन करेंगे। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने इस कार्यक्रम को राज्यव्यापी बनाने के निर्देश दिए हैं। उद्घाटन का सीधा प्रसारण प्रदेश की सभी ग्राम पंचायतों, नगरपालिकाओं और जिला मुख्यालयों पर किया जाएगा, ताकि राज्य के लाखों नागरिक इस ऐतिहासिक क्षण के साक्षी बन सकें।

