4 जुलाई को जोधपुर के लिए एक ऐतिहासिक और यादगार दिन साबित होने जा रहा है। जानकारी के मुताबिक शहर को लंबे इंतजार के बाद उसका नया अत्याधुनिक एयरपोर्ट टर्मिनल मिलने जा रहा है, जिसका लोकार्पण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के द्वारा किया जायेगा। निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक प्रधानमंत्री सुबह 11:45 बजे जोधपुर पहुंचेंगे और एयरपोर्ट परिसर में आयोजित समारोह के दौरान रिमोट से बटन दबाकर नए टर्मिनल भवन का उद्घाटन करेंगे। इसी अवसर पर क्षेत्रीय हवाई संपर्क योजना 'उड़ान-2' की भी शुरुआत की जाएगी, जिससे पश्चिमी राजस्थान की हवाई कनेक्टिविटी को नई मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री करीब 22 मिनट तक जोधपुर में रहेंगे और इसके बाद हेलीकॉप्टर से बालोतरा जिले के पचपदरा स्थित एचपीसीएल राजस्थान रिफाइनरी के कार्यक्रम के लिए रवाना होंगे।
करीब 400 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया गया यह नया एयरपोर्ट टर्मिनल पुराने भवन की तुलना में लगभग छह गुना बड़ा है और इसे आधुनिक अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप विकसित किया गया है। नए टर्मिनल में पहली बार छह एयरोब्रिज, अत्याधुनिक चेक-इन काउंटर, ऑटोमैटिक बैगेज हैंडलिंग सिस्टम, उन्नत सुरक्षा जांच व्यवस्था, विशाल प्रतीक्षालय, बेहतर यात्री सुविधाएं और एक साथ 12 विमानों की पार्किंग की क्षमता विकसित की गई है। इससे यात्रियों को पहले की तुलना में अधिक सुविधाजनक और तेज सेवाएं उपलब्ध हो सकेगी वहीं भविष्य में उड़ानों की संख्या बढ़ाने में भी मदद मिलेगी।
लोकार्पण के बाद आवश्यक तकनीकी और प्रशासनिक प्रक्रियाएं पूरी होने पर एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया और एयरलाइंस के कार्यालय चरणबद्ध तरीके से नए टर्मिनल में स्थानांतरित किए जाएंगे। इसके बाद नियमित वाणिज्यिक उड़ानों का संचालन भी इसी नए भवन से शुरू होगा माना जा रहा है कि इस परियोजना के शुरू होने से जोधपुर ही नहीं, बल्कि पूरे पश्चिमी राजस्थान की हवाई कनेक्टिविटी मजबुत होगी साथ ही पर्यटन, व्यापार, निवेश और औद्योगिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा तथा देश-विदेश से आने वाले यात्रियों को विश्वस्तरीय सुविधाओं के साथ बेहतर यात्रा का अनुभव मिलेगा।

