रायसेन जिले के सुल्तानगंज थाना क्षेत्र के खामखेड़ा गांव में शुक्रवार दोपहर एक मक्के के खेत की मेड़ पर जिंदा नवजात शिशु मिला। गणेश विसर्जन के लिए जा रहे ग्रामीणों ने रोने की आवाज सुनकर बच्चे को देखा और तुरंत ग्रामीण चौकीदार को सूचना दी। प्राथमिक स्वास्थ्य परीक्षण के बाद बच्चे को बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज सागर रेफर कर दिया गया है।
खेत की मेड़ पर मिला नवजात
घटना शुक्रवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे की है। खामखेड़ा से मोइया गांव जाने वाली सड़क के पास अमित यादव के मक्के के खेत की मेड़ पर यह नवजात लावारिस हालत में पड़ा हुआ था। सूचना मिलते ही सुल्तानगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और बच्चे को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने बच्चे का स्वास्थ्य परीक्षण किया। डॉक्टर संजय मीणा के मुताबिक, नवजात का वजन 1 किलो 200 ग्राम है। प्राथमिक जांच में बच्चे की स्थिति स्थिर बताई गई, जिसके बाद उसे बेहतर इलाज के लिए 108 एंबुलेंस से सागर के बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही तहसीलदार देवेंद्र शुक्ला भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
अज्ञात मां की तलाश में जुटी पुलिस
सुल्तानगंज थाना प्रभारी दिनेश रघुवंशी ने बताया कि पुलिस ने अज्ञात मां के खिलाफ कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। आसपास के अस्पतालों और गांवों में प्रसूताओं की जानकारी जुटाई जा रही है ताकि बच्चे के परिजनों का पता लगाया जा सके। पुलिस का कहना है कि मामले की असली वजह जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगी।
