कोटा दौरे से पहले सियासी बयानबाजी तेज
बूंदी दौरे पर पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने राहुल गांधी के प्रस्तावित कोटा दौरे और पोस्टर विवाद को लेकर भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा है । उन्होंने कहा कि राहुल गांधी युवाओं और छात्रों की समस्याओं को समझने के लिए कोटा आ रहे हैं, लेकिन भाजपा उनके बढ़ते प्रभाव से डरकर पोस्टर हटवा रही है। अशोक गहलोत ने आरोप लगाया कि यह कदम लोकतांत्रिक परंपराओं के खिलाफ है और जनता की आवाज को दबाने की कोशिश है। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विधायक हरिमोहन शर्मा के नेतृत्व में उनका स्वागत किया। जानकारी के लिए आपको बता दे की अशोक गहलोत के द्वारा आज का दिन राहुल गांधी के कोटा दौरा युवाओं और छात्रों के लिए बेहद महत्वपूर्ण साबित होगा। साथ ही उन्होंने कहा कि कोटा देशभर में शिक्षा की राजधानी के रूप में जाना जाता है, लेकिन पिछले कुछ वर्षों में वहां छात्रों की अपनी जान देने की घटनाओं ने गंभीर चिंता पैदा की है। ऐसे माहौल में राहुल गांधी छात्रों का मनोबल बढ़ाने और उनकी समस्याओं को समझने के उद्देश्य से कोटा आ रहे हैं। गहलोत ने कहा कि राहुल गांधी लगातार युवाओं, छात्रों और बेरोजगारों के मुद्दों को उठा रहे हैं। उनके संवाद कार्यक्रम को लेकर छात्रों और युवाओं में उत्साह का माहौल देखने को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस युवाओं की आवाज को मजबूती देने का काम कर रही है, जबकि भाजपा सरकार उनकी समस्याओं को नजरअंदाज कर रही है। गहलोत ने विश्वास जताया कि राहुल गांधी का कोटा दौरा सफल रहेगा और युवाओं के मुद्दों को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूती से उठाने का काम करेगा। बूंदी में उनके आगमन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला और बड़ी संख्या में नेताओं व समर्थकों ने उनका स्वागत किया। भाजपा द्वारा चलाए जा रहे समानांतर कार्यक्रमों पर भी उन्होंने निशाना साधा है । गहलोत ने कहा कि कांग्रेस के कार्यक्रमों के जवाब में भाजपा ने काउंटर अभियान शुरू किया है। जोधपुर में केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत और कोटा में वरिष्ठ भाजपा नेता राजेंद्र सिंह राठौड़ को सक्रिय किया गया है। उन्होंने कहा कि यह सब राहुल गांधी के बढ़ते प्रभाव का परिणाम है। उन्होंने आरोप लगाया कि जिला प्रशासन दबाव में काम कर रहा है और अधिकारियों पर तबादले की धमकियां देकर कार्रवाई करवाई जा रही है।

