पंजाब के बटाला के पास घासीतपुर गांव के बाहर शुक्रवार को पूर्व केंद्रीय मंत्री और बीजेपी नेता रवनीत सिंह बिट्टू के काफिले पर कुछ लोगों ने अंडे और टमाटर फेंके। हमले के बाद बिट्टू जान बचाने के लिए गांव के एक घर में घुस गए, जहां उन्होंने हमलावरों में से दो लोगों को अपने पास बैठा लिया। घटना के दौरान बिट्टू ने लाइव वीडियो जारी कर आम आदमी पार्टी पर गंभीर आरोप लगाए।
'नशा मुक्त यात्रा' से पहले हमला
रवनीत बिट्टू पठानकोट में शुरू होने वाली बीजेपी की 'नशा मुक्त पंजाब' यात्रा में शामिल होने जा रहे थे। इस यात्रा की अध्यक्षता बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन करने वाले थे।
बिट्टू का आरोप है कि पंजाब से नशा खत्म करने वाले इस अभियान को रोकने के लिए 'आप' के करीब 100 से अधिक कार्यकर्ताओं ने उनके काफिले को रास्ते में घेरा। हमलावरों ने गाड़ियों पर अंडे और टमाटर फेंके और उन्हें पकड़ने की कोशिश की।
घर में शरण और पुलिस पर मिलीभगत का आरोप
हमले के बाद जब रवनीत बिट्टू गांव के एक घर में घुसे, तो उन्होंने कथित तौर पर 'आप' के दो कार्यकर्ताओं को पकड़कर अपने पास बैठा लिया। इस दौरान उन्होंने इंस्टाग्राम पर लाइव आकर पंजाब पुलिस के आला अधिकारियों पर 'आप' कार्यकर्ताओं के साथ मिलीभगत का खुला आरोप लगाया।
बिट्टू ने साफ कहा कि जब तक एसएसपी मौके पर पहुंचकर हमलावरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज नहीं करते, वे उस घर से बाहर नहीं निकलेंगे और वहीं बैठे रहेंगे।
पहले से थी हमले की आशंका
घटना के संबंध में बीजेपी नेता ने दावा किया कि उन्हें पहले से ही अंदेशा था कि पार्टी की नशा विरोधी यात्रा को बाधित करने के लिए सुनियोजित प्रयास किए जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि सत्तारूढ़ दल पंजाब में विपक्ष की आवाज को दबाने और ऐसे अभियानों को विफल करने के हथकंडे अपना रहा है।
