सागर: मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों और वोट चोरी के खिलाफ युवा कांग्रेस ने सागर जिले में चरणबद्ध आंदोलन का आगाज कर दिया है। नरयावली विधानसभा क्षेत्र से शुरू हुए इस अभियान के तहत कार्यकर्ताओं ने अनोखा प्रदर्शन करते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का मुखौटा पहना और हाथों में जंजीरें बांधकर रोष प्रकट किया।
रजाखेड़ी से मकरोनिया तक पैदल मार्च
जिला ग्रामीण कांग्रेस के निर्देशन में नरयावली विधानसभा के तत्वावधान में रजाखेड़ी बजरिया से मकरोनिया चौराहे तक एक पैदल मार्च निकाला गया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने निर्वाचन आयोग और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने मांग उठाई कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को उनके पद से हटाया जाए और उनके पूरे कार्यकाल तथा मतदाता सूची में हुए फेरबदल की निष्पक्ष जांच कराई जाए।
पूर्व मंत्री सुरेन्द्र चौधरी का हमला
प्रदर्शन के दौरान मध्य प्रदेश शासन के पूर्व मंत्री सुरेन्द्र चौधरी ने भाजपा सरकार और निर्वाचन आयोग पर सीधा निशाना साधा।
सुरेन्द्र चौधरी ने कहा- "लोकतंत्र में जनता के मत की पवित्रता और मतदाता के अधिकारों की रक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। कांग्रेस पार्टी मतदाता सूची में की गई कथित वोट चोरी के खिलाफ किसी भी सूरत में चुप बैठने वाली नहीं है।"
उन्होंने मांग की कि नरयावली विधानसभा सहित पूरे सागर जिले की मतदाता सूचियों में जोड़े और काटे गए नामों की पारदर्शी जांच हो, ताकि सच्चाई सामने आ सके।
कांग्रेस नेताओं ने उठाई जवाबदेही की मांग
जिला ग्रामीण कांग्रेस के संगठन महामंत्री आशीष ज्योतिषी ने कहा कि मतदाता सूची लोकतांत्रिक चुनाव की मूल बुनियाद है और इसमें किसी भी स्तर की गड़बड़ी को बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।
वहीं, जिला ग्रामीण कांग्रेस के महामंत्री एवं युवा कांग्रेस प्रभारी अशरफ खान ने स्पष्ट किया कि यह आंदोलन सिर्फ नरयावली तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि पूरे सागर जिले में प्रभावी रूप से जारी रहेगा जब तक कि दोषियों पर कार्रवाई नहीं होती। युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष संदीप चौधरी ने कहा कि संगठन मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा के लिए सड़क से लेकर मैदान तक संघर्ष करेगा।
नरयावली विधानसभा युवा कांग्रेस अध्यक्ष रोहित वर्मा ने बताया कि युवाओं में अपने मताधिकार को लेकर गहरी चिंता है और इसी को लेकर यह विरोध प्रदर्शन शुरू किया गया है। आने वाले दिनों में इस आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
