गौमाता को राष्ट्रमाता का सम्मान दिलाने और राष्ट्रव्यापी स्तर पर गौहत्या पर पूरी तरह रोक लगाने की मांग तेज हो गई है। इसी सिलसिले में शनिवार को सागर में संभागीय बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में गौसेवकों और साधु-संतों ने हिस्सा लिया। अयोध्या धाम के संत सनातन शरण महाराज के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे इस अभियान के तहत अब आगामी 4 दिसंबर 2026 को भोपाल में बड़ा प्रदर्शन किया जाएगा।
सागर के स्थानीय सभागार में हुई इस बैठक में अभियान के उद्देश्यों पर विस्तार से चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि देश भर में गौवंश की रक्षा के लिए ठोस कदम उठाने की जरूरत है। बैठक के दौरान संतों और गौसेवकों को आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा समझाई गई और अधिक से अधिक लोगों को इस मुहिम से जोड़ने की अपील की गई।
सरकार के सामने रखी गईं तीन प्रमुख मांगें
इस राष्ट्रव्यापी अभियान के जरिए केंद्र और राज्य सरकारों के समक्ष मुख्य रूप से तीन बड़ी मांगें रखी जा रही हैं। इनमें पूरे देश में गौहत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने का कानून बनाने, गौमाता को 'राष्ट्रमाता' या 'राष्ट्र आराध्या' का राष्ट्रीय दर्जा देने और गौसंरक्षण के लिए एक अलग 'केंद्रीय गौसेवा मंत्रालय' का गठन करने की मांग शामिल है।
पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष अशोक बमौरा ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि गौमाता की रक्षा भारतीय संस्कृति और परंपरा का अहम हिस्सा है, जिसके लिए समाज के हर वर्ग को आगे आना होगा। संतों का कहना है कि इन मांगों को लेकर लंबे समय से आवाज उठाई जा रही है, लेकिन अब इसे निर्णायक मोड़ पर ले जाने का वक्त आ गया है।
4 दिसंबर को भोपाल के अटल पथ पर प्रदर्शन
सागर संभाग की बैठक के बाद अब आंदोलन के अगले चरण की तैयारी शुरू हो गई है। आगामी 4 दिसंबर 2026 को भोपाल के अटल पथ पर प्रदेशभर से साधु-संत और गौसेवक एकत्र होंगे। इस दौरान सरकार को एक स्मरण पत्र सौंपा जाएगा, जिसमें तीनों प्रमुख मांगें पूरी करने का आग्रह किया जाएगा। सागर की बैठक से ही कार्यकर्ताओं को भोपाल पहुंचने का लक्ष्य सौंपा गया है, ताकि प्रदर्शन को व्यापक रूप दिया जा सके।
