हातोद। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल और जनकल्याणकारी योजनाओं का संदेश लेकर चल रही 'सेवा संकल्प यात्रा' सोमवार को हातोद पहुंची। स्थानीय स्तर पर भाजपा कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने यात्रा का पुष्पवर्षा के साथ जोरदार स्वागत किया। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के कुलभैरू महाराज के स्थान पर विशेष पौधारोपण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया।
यात्रा के स्वागत समारोह में भाजपा जिला अध्यक्ष श्रवण सिंह चावड़ा, सांसद प्रतिनिधि संजू सोनी और नगर अध्यक्ष मोतीलाल राजोरिया समेत बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे। स्वागत सत्कार के बाद सभी ने कुलभैरू महाराज के प्रांगण में पौधे लगाए। इस दौरान सत्यनारायण आजाद, नरोत्तम चौधरी, चंद्रशेखर छापोला, रंजीत, प्रकाश और राजू पाल सहित कई स्थानीय पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
जनसंपर्क और योजनाओं की जानकारी
इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाना और जमीनी स्तर पर जनसंपर्क को मजबूत करना है। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सुशासन और सेवा कार्यों के संकल्प को आगे बढ़ाने का आह्वान किया गया।
स्वागत कार्यक्रमों के बीच क्षेत्र में 'भारत माता की जय' और पार्टी के नारे गूंजते रहे। इस आयोजन से स्थानीय स्तर पर कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखा गया और ग्रामीणों ने भी बड़ी संख्या में अपनी सहभागिता दर्ज कराई।
