जोधपुर में मानसून की आधिकारिक एंट्री का ऐलान भले ही अभी नहीं हुआ हो, लेकिन मौसम पूरी तरह बदल चुका है। पिछले दो-तीन दिनों से लगातार बादल छाने और रुक-रुककर हो रही बारिश ने लोगों को भीषण गर्मी और उमस से बड़ी राहत दी है। मौसम विभाग ने जिले में 12 जुलाई तक आंधी और बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है तथा अगले कुछ दिनों तक मौसम के इसी तरह बने रहने की संभावना जताई जा रही है। मंगलवार सुबह भी शहर में बादलों का डेरा रहा, जिससे मौसम सुहावना बना रहा और तापमान सामान्य से नीचे दर्ज किया गया। सोमवार को सुबह करीब 11 बजे अचानक मौसम ने करवट ली, आसमान में घने काले बादल छा गए और दिन में ही अंधेरा जैसा माहौल बन गया। इसके बाद तेज आंधी के साथ जोरदार बारिश शुरू हुई, जिससे कई इलाकों में सड़कों पर पानी भर गया और लोगों को गर्मी से राहत मिली। वही शहर में सोमवार को 21.4 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। बारिश के बाद अधिकतम तापमान में 5.5 डिग्री सेल्सियस की बड़ी गिरावट दर्ज हुई और पारा 33.4 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, जो सामान्य अधिकतम तापमान से 2.6 डिग्री कम रहा। शहर ही नहीं, ग्रामीण इलाकों में भी अच्छी बारिश हुई। झंवर में सबसे अधिक 53 मिमी, लूणी में 44 मिमी, कुड़ी भगतासनी में 23 मिमी और शेखला में 18 मिमी वर्षा दर्ज की गई। लगातार दो दिनों से अच्छी बारिश होने के बावजूद मौसम विभाग ने अभी तक जोधपुर में मानसून के औपचारिक प्रवेश की घोषणा नहीं की है। विभाग के मुताबिक बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र के सक्रिय होने से पूर्वी हवाएं राजस्थान की ओर बढ़ीं, जिनके साथ पर्याप्त नमी और बादल जोधपुर पहुंचे। इसी सिस्टम के प्रभाव से जिले में बारिश की गतिविधियां बढ़ी हैं और आने वाले दिनों में भी कई स्थानों पर तेज हवा, गरज-चमक और मध्यम से भारी बारिश देखने को मिल सकती है। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और खुले स्थानों तथा पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी है।
जोधपुर में 12 जुलाई तक आंधी बारिश का अलर्ट
आपणो राजस्थान

