तखतगढ़ नगर पालिका चुनाव 2026 को लेकर भारतीय जनता पार्टी का चुनावी अभियान तेज हो गया है। कुल 25 वार्डों वाले इस निकाय में वार्ड संख्या 22 से शिल्पा कुमावत के निर्विरोध निर्वाचित होने के बाद अब शेष 24 वार्डों में ही मतदान होगा। चुनावी सरगर्मी के बीच स्थानीय विधायक और कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत ने मैदान संभाल लिया है।
मंत्री कुमावत ने पार्टी प्रत्याशियों के समर्थन में शहर के विभिन्न वार्डों में सघन जनसंपर्क किया। इस दौरान उन्होंने वार्ड संख्या 1 से 12 तक के भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में वोट मांगे और राज्य सरकार की योजनाओं व नगर में हुए विकास कार्यों को जनता के सामने रखा।
256 करोड़ के विकास कार्यों का हिसाब
जनसंपर्क के दौरान मंत्री कुमावत ने नगर पालिका क्षेत्र में हुए विकास कार्यों का ब्योरा दिया। उन्होंने दावा किया कि पिछले कुछ समय में शहर के विकास के लिए करीब 256 करोड़ रुपए के कार्य करवाए गए हैं।
प्रचार अभियान के तहत मंत्री ने स्थानीय स्तर पर पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात की और घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क साधा। इस दौरान उनके साथ भारताराम देवासी, रमेश घांची, ललित रांकावत, मनोज नामा और जितेंद्र चांदोरा सहित कई स्थानीय पदाधिकारी मौजूद रहे।
राजेश कुमावत के नामांकन वापसी पर सवाल
वार्ड संख्या 22 में भाजपा प्रत्याशी रहे राजेश कुमावत द्वारा नामांकन वापस लेने का मामला भी चर्चा में बना हुआ है। इस घटनाक्रम को लेकर जब पत्रकारों ने सवाल किया, तो मंत्री जोराराम कुमावत ने इस पर ठोस कार्रवाई की बात कही। हालांकि, पार्टी विरोधी गतिविधियों के बाद उन्हें वापस पार्टी में शामिल किए जाने के सवाल पर उन्होंने कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया।
चुनाव प्रचार के अगले चरण में रात 8 बजे सांसद पीपी चौधरी और मंत्री कुमावत संयुक्त रूप से वार्ड संख्या 5 में प्रत्याशी हुली देवी के समर्थन में जनसंपर्क करेंगे। निकाय चुनाव के मद्देनजर भाजपा ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है, और वार्डवार बैठकों का दौर जारी है।
