तमिल सिनेमा के मशहूर अभिनेता, निर्देशक और स्क्रीनप्ले लेखक के. भाग्यराज का शनिवार को चेन्नई में निधन हो गया। 73 वर्षीय भाग्यराज को कार्डियक अरेस्ट के बाद ग्रीनवेज़ स्थित अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उन्होंने अंतिम सांस ली।
'स्क्रीनप्ले के किंग' के रूप में थी पहचान 7 जनवरी 1953 को जन्मे कृष्णस्वामी भाग्यराज को दक्षिण भारतीय फिल्म जगत में 'स्क्रीनप्ले का किंग' माना जाता था। अपने करियर की शुरुआत निर्देशक भारतीराजा के सहायक के रूप में करने वाले भाग्यराज ने बाद में खुद एक सफल निर्देशक और लेखक के रूप में अपनी पहचान बनाई। उन्होंने 75 से अधिक फिल्मों में अभिनय किया और 25 से ज्यादा फिल्मों का निर्देशन किया। उन्हें फिल्म 'मुंडनई मुदिचू' के लिए फिल्मफेयर बेस्ट एक्टर अवॉर्ड से सम्मानित किया गया था।
मुख्यमंत्री विजय ने दी श्रद्धांजलि तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय शनिवार को चेन्नई स्थित भाग्यराज के आवास पहुंचे। उन्होंने दिवंगत कलाकार के पार्थिव शरीर पर पुष्पांजलि अर्पित की। इस दौरान सीएम ने भाग्यराज की पत्नी पूर्णिमा भाग्यराज और बेटे शंतनु भाग्यराज से मुलाकात कर शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं।
कला जगत में शोक की लहर भाग्यराज के निधन पर फिल्म जगत ने गहरा दुख जताया है। अभिनेत्री तृषा कृष्णन ने सोशल मीडिया पर भावुक पोस्ट शेयर करते हुए लिखा कि उन्हें यकीन नहीं हो रहा, क्योंकि एक दिन पहले ही उन्होंने उनके साथ भोजन किया था। वहीं, अभिनेता चिरंजीवी ने भी अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। चिरंजीवी ने बताया कि दो दिन पहले ही गोवा में एक विवाह समारोह के दौरान उनकी भाग्यराज से मुलाकात हुई थी, जहां वे पूरी तरह स्वस्थ और खुश नजर आ रहे थे।
यह दुखद घटना दिग्गज फिल्मकार और भाग्यराज के गुरु भारतीराजा के निधन के महज 17 दिन बाद हुई है। भारतीराजा का 10 जून 2026 को 84 वर्ष की आयु में लंबी बीमारी के चलते निधन हो गया था।

