NHAI ने बढ़ाईं टोल दरें, जयपुर-दिल्ली का सफर हुआ महंगा
जयपुर से होकर गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्गों पर सफर करने वालों को अब पहले से अधिक टोल टैक्स चुकाना होगा। नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया ने विभिन्न टोल प्लाजा पर टोल दरों में 5 रुपये से लेकर 30 रुपये तक की बढ़ोतरी कर दी है। संशोधित दरें सोमवार रात 12 बजे से लागू हो गई हैं। इस बढ़ोतरी का असर खास तौर पर जयपुर-दिल्ली जयपुर-सीकर बाइपास और अजमेर-आगरा कनेक्टिंग रिंग रोड से गुजरने वाले यात्रियों और व्यावसायिक वाहनों पर पड़ेगा। नई दरों के लागू होने के बाद निजी वाहन चालकों के साथ-साथ ट्रक, बस, लॉरी, मिनी ट्रक और अन्य कॉमर्शियल वाहनों का सफर भी महंगा हो गया है।
मनोहरपुर टोल प्लाजा पर निजी कार, जीप और वैन के लिए टोल शुल्क में 5 रुपये की बढ़ोतरी की गई है, जबकि लाइट और हैवी कॉमर्शियल वाहनों के लिए 5 से 30 रुपये तक अधिक टोल देना होगा। वहीं शाहजहांपुर टोल प्लाजा पर निजी वाहनों का टोल 195 रुपये से बढ़ाकर 215 रुपये कर दिया गया है। यानी जयपुर से दिल्ली जाने वाले यात्रियों को अब एक तरफ के सफर में 20 रुपये और कुल मिलाकर करीब 25 रुपये तक अधिक खर्च करना पड़ेगा। इसके अलावा जयपुर-सीकर बाइपास स्थित टाटियावास टोल और अजमेर-आगरा कनेक्टिंग रिंग रोड के सीतारामपुरा टोल प्लाजा पर भी टोल दरों में संशोधन किया गया है। वही इन दोनों टोल प्लाजा पर निजी वाहनों के लिए पुरानी दरें ही लागू रहेंगी, जबकि केवल व्यावसायिक वाहनों के टोल शुल्क में बढ़ोतरी की गई है। NHAI के मुताबिक संशोधित टोल दरें नियमानुसार लागू की गई हैं और सभी टोल प्लाजा पर नई दरों के मुताबिक वसूली शुरू कर दी गई है।
