रींगस कस्बे के वार्ड नंबर 30 स्थित मारोठिया वाली ढाणी में चोरों ने एक मकान को निशाना बनाकर खिड़की तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर मकान के पीछे स्थित कमरे की खिड़की की लोहे की फ्रेम तोड़कर अंदर घुसे और अलमारी का ताला तोड़कर ₹75 हजार नकद, सोने-चांदी के आभूषण, नए कपड़े सहित लाखों रुपये का सामान चोरी कर फरार हो गए। वारदात के दौरान परिवार मकान के दूसरे कमरे में सो रहा था।
कीमती सामान चोरी
पीड़ित राजेन्द्र कुमावत निवासी मारोठिया वाली ढाणी ने रींगस पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि वह 5 सितंबर की रात परिवार के साथ मकान के एक कमरे में सो रहा था। रात करीब 2 बजे अज्ञात चोर मकान के पीछे स्थित दूसरे कमरे की खिड़की तोड़कर अंदर घुस गए। इसके बाद चोरों ने कमरे में रखी अलमारी का ताला तोड़ा और उसमें रखा कीमती सामान चोरी कर लिया।
नकदी पर भी हाथ मारा
पीड़ित के अनुसार चोर चांदी की चार जोड़ी पायजेब, करीब 10 ग्राम वजन के सोने के कानों के झुमके, एक सोने की अंगूठी, सोने की चार जोड़ी बालियां, चार जोड़ी नई ड्रेस और ₹75 हजार नकद चोरी कर ले गए।
चोरी के बाद कमरे में लगा दी अंदर से कुंडी
वारदात को अंजाम देने के बाद चोरों ने जिस कमरे में चोरी की थी, उसकी अंदर से कुंडी लगा दी और खिड़की के रास्ते फरार हो गए। सुबह राजेन्द्र की नींद खुली और वह टॉयलेट जाने के लिए कमरे से बाहर निकलने लगा तो दरवाजा अंदर से बंद मिला। काफी प्रयास करने के बाद भी दरवाजा नहीं खुला तो उसने अपने भाई सुरेश कुमावत को फोन कर बुलाया।भाई के पहुंचने के बाद दोनों ने मकान के पीछे जाकर देखा तो कमरे की लोहे की खिड़की की फ्रेम दीवार के पास पड़ी मिली। खिड़की टूटी देखकर परिवार को चोरी की वारदात का पता चला।सूचना पर रींगस पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने पीड़ित की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर चोरों की तलाश और वारदात की जांच शुरू कर दी है।
