IRCTC ने ऑनलाइन ट्रेन टिकट बुकिंग को पहले से अधिक तेज, आसान और यूजर फ्रेंडली बनाने के लिए अपनी नई वेबसाइट का बीटा वर्जन लॉन्च कर दिया है। 15 जुलाई 2026 की रात 9 बजे से शुरू हुए इस नए पोर्टल में यात्रियों को कई आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी। अब टिकट बुकिंग के दौरान बार-बार कैप्चा भरने की जरूरत नहीं होगी और स्लीपर, थर्ड एसी, सेकेंड एसी सहित सभी क्लास की सीटों की उपलब्धता एक ही स्क्रीन पर नजर आएगी। इसके अलावा 'फास्टर चेकआउट' फीचर के जरिए टिकट बुकिंग की प्रक्रिया को छोटा और तेज बनाया गया है, जिससे कम समय में टिकट बुक हो सकेगी। वहीं, नियमित यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए 'इजीअर रिपीट बुकिंग' फीचर भी जोड़ा गया है, जिसमें एक बार सेव की गई यात्री जानकारी दोबारा दर्ज नहीं करनी होगी।
रेलवे के मुताबिक नई वेबसाइट का बीटा वर्जन यात्रियों से फीडबैक लेने के उद्देश्य से लॉन्च किया गया है, ताकि सुझावों के आधार पर इसे और बेहतर बनाया जा सके। भारतीय रेलवे की यह वेबसाइट देश के सबसे व्यस्त ऑनलाइन टिकटिंग प्लेटफॉर्म्स में से एक है, जहां रोजाना औसतन 14.5 लाख ट्रेन टिकट बुक किए जाते हैं। बढ़ते ट्रैफिक और बेहतर डिजिटल अनुभव को ध्यान में रखते हुए वेबसाइट के साथ-साथ बैकएंड पैसेंजर रिजर्वेशन सिस्टम को भी अपग्रेड किया जा रहा है। रेलवे के मुताबिक अगले कुछ हफ्तों में सभी जरूरी तकनीकी सुधार पूरे होने के बाद नया IRCTC पोर्टल पूरी तरह से सभी यूजर्स के लिए उपलब्ध कराया फिलहाल यात्री नई बीटा वेबसाइट के साथ-साथ पुराने पोर्टल का भी उपयोग कर सकते हैं।
