उदयपुर और मेवाड़ के रेल यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। उदयपुर-असरवा वंदे भारत एक्सप्रेस का सूरत तक विस्तार अब तय समय पर 3 अक्टूबर से नियमित रूप से शुरू हो जाएगा। ट्रेन के विस्तार को लेकर असमंजस की स्थिति बनने के बाद नए सिरे से प्रयास किए गए, जिसके बाद रेल मंत्रालय ने हरी झंडी दे दी है। यह सेमी-हाईस्पीड ट्रेन अब मंगलवार को छोड़कर सप्ताह में छह दिन पटरियों पर दौड़ेगी।
सांसद डॉ. मन्नालाल रावत ने बताया कि यह रैक 2 अक्टूबर की शाम 5.30 बजे उदयपुर सिटी स्टेशन पहुंचेगा और यहीं इसका ठहराव रहेगा। इसके अगले दिन यानी 3 अक्टूबर को ट्रेन अपनी निर्धारित समय-सारणी के अनुसार उदयपुर से सूरत के लिए रवाना होगी। इस मौके पर उदयपुर रेलवे स्टेशन पर स्वागत समारोह की तैयारी की गई है।
क्या रहेगा टाइम-टेबल और रूट?
रेलवे की ओर से जारी समय-सारणी के मुताबिक, वंदे भारत एक्सप्रेस उदयपुर से दोपहर 3.35 बजे रवाना होगी। इसके बाद यह गाड़ी शाम 4.03 बजे जावर, 4.50 बजे डूंगरपुर, 5.27 बजे शामलाजी रोड, 6.18 बजे हिम्मतनगर और शाम 7.25 बजे असरवा स्टेशन पहुंचेगी।
असरवा के बाद ट्रेन का आगे का सफर मणिनगर, आणंद और भरूच होते हुए तय होगा। ट्रेन रात 8.58 बजे मणिनगर, 9.50 बजे आणंद और 10.22 बजे भरूच रुकेगी। इसके बाद रात ठीक 11 बजे यह सूरत पहुंचेगी। वहीं, वापसी की दिशा में यह ट्रेन सूरत से सुबह 6.10 बजे छूटेगी और दोपहर 1.40 बजे उदयपुर वापस लौट आएगी।
व्यापार और दक्षिण भारत की यात्रा होगी आसान
इस सीधी रेल सेवा के शुरू होने से मेवाड़ और वागड़ क्षेत्र के उन हजारों व्यापारियों और कामगारों को बड़ी राहत मिलेगी, जो रोजगार के सिलसिले में सूरत आते-जाते हैं। अब तक यात्रियों को उदयपुर से बस के जरिए सूरत पहुंचकर आगे की ट्रेन पकड़नी पड़ती थी।
सड़क और रेल मार्ग के समय में तालमेल न बैठने और ट्रेनों में लंबी वेटिंग लिस्ट के कारण यात्रियों को खासी मशक्कत करनी पड़ती थी। अब सीधी वंदे भारत मिलने से सफर का समय बचेगा। इसके अलावा, सूरत पहुंचने के बाद यात्रियों के लिए दक्षिण भारत की अन्य ट्रेनों पकड़ना भी ज्यादा सुविधाजनक हो जाएगा।
