5 साल से फरार 3 इनामी आरोपी गिरफ्तार
पीसांगन थाना पुलिस ने 5 वर्ष से फरार चल रहे 3 इनामी आरोपियों को गिरफ्तार कर जमीन फर्जीवाड़े के एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश किया है। गिरफ्तार आरोपियों पर ग्राम रिछमालिया की बेशकीमती जमीन का फर्जी मुख्त्यारनामा बनाकर बेचने का आरोप है। थानाधिकारी सरोज चौधरी के मुताबिक 22 अक्टूबर 2021 को वैशालीनगर,अजमेर निवासी विजेन्द्र सिंह भगासरा ने रिपोर्ट दी थी कि ग्राम रिछमालिया में स्थित खाता संख्या 254, खसरा संख्या 477/3176, रकबा 1.62 हेक्टेयर जमीन जो पार्वती देवी के नाम दर्ज है। बाड़मेर निवासी आरोपी किशनराम ने अपने साथियों के साथ मिलकर फर्जी दस्तावेज तैयार किए। आरोपियों ने 01 सितंबर 2021 को फर्जी मुख्त्यारनामा आम तैयार कर अगले दिन पावर ऑफ अटॉर्नी के आधार पर मेड़ता सिटी निवासी अशोक मेघवाल के नाम जमीन बेच दी। इस पर पीसांगन पुलिस के द्वारा सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता के मध्यनजर थानाधिकारी सरोज चौधरी के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम में शामिल एएसआई गणेशराम सामरिया,फूलसिंह गुर्जर,महावीर प्रसाद शर्मा,कांस्टेबल सुखराम सेवदा,भोमाराम चोयल,जोराराम जाट,प्रधान जाट,मदनलाल विश्नोई व गुलाब के द्वारा की गई जांच पड़ताल में यह सामने आया कि आरोपियों ने खाताधारक पार्वती देवी की जगह सोनम उर्फ सोनू के हस्ताक्षर करवाकर फर्जी मुख्त्यारनामा तैयार किया। पांच वर्ष से फरार आरोपियों पर पुलिस अधीक्षक अजमेर के द्वारा 2-2 हजार रुपए का इनाम भी घोषित किया था। पुलिस टीम ने आसूचना संकलन,तकनीकी संसाधनों व मुखबिरो की मदद से टीम ने तीनों वांछित आरोपियों डांगावास,मेड़ता सिटी निवासी 32 वर्षीय रामराज कमेड़िया व 40 वर्षीय धर्माराम जाट के अलावा 36 वर्षीय सोनमदेवी उर्फ सोनू सांसी निवासी कंजर कॉलोनी पंढेर,भीलवाड़ा, हाल किरायेदार पंचशील,अजमेर को दबिश देकर गिरफ्त में लिया गया। तीनों आरोपियो को थाने लाकर पूछताछ करने पर आरोपियों के द्वारा गुनाह कबूल करने पर दो दो हजार रुपये के ईनामी तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। थानाधिकारी सरोज चौधरी ने बताया कि मामले में खाखड़की,मेड़ता सिटी निवासी मुख्य आरोपी महिपाल पिचकिया की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

