-कोटा हाड़ौती में लगातार बारिश का दौर जारी है। कोटा संभाग में  सोमवार रात्रि को हुई तेज बारिश ने दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे की मुकुंदरा टनल में जल निकासी व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। करीब 1000 करोड़ रुपये की लागत से बनी टनल में बारिश के दौरान पानी भरने की तस्वीरें और वीडियो सामने आए हैं। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में टनल के भीतर पानी का तेज जमाव दिखाई दे रहा है। जिससे टनल का एक हिस्सा नहर जैसा नजर आ रहा है।मुकुंदरा टनल के जलभराव से जुड़े वीडियो अलग-अलग एंगल से सामने आए हैं। वीडियो में टनल के एक हिस्से में काफी मात्रा में बारिश का पानी जमा दिखाई दे रहा है। पानी भरे रास्ते से वाहन चालक बेहद सावधानी और धीमी गति से गुजरते नजर आ रहे हैं।पहली बारिश में ही इस तरह जलभराव की तस्वीरें सामने आने के बाद अब टनल की ड्रेनेज और जल निकासी व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। हालांकि जलभराव किन परिस्थितियों में हुआ और इसके पीछे तकनीकी कारण क्या रहे। यह संबंधित एजेंसियों की जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।जलभराव के बीच फिलहाल मुंबई से दिल्ली जाने वाली ट्यूब में ही ट्रैफिक संचालित किए जाने की जानकारी सामने आई है। वहीं दिल्ली से मुंबई की दिशा वाली ट्यूब में वाहनों की आवाजाही शुरू नहीं हुई है।पानी भरे हिस्से से गुजरने वाले वाहन चालकों को धीमी रफ्तार से निकलना पड़ रहा है। लगातार बारिश को देखते हुए एक्सप्रेस-वे पर सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर सतर्कता बढ़ा दी गई है।मुकुंदरा टनल और एक्सप्रेस-वे पर बारिश के दौरान वाहन चालकों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। जलभराव वाले हिस्से में तेज रफ्तार से वाहन चलाने,अचानक ब्रेक लगाने और दूसरे वाहनों को ओवरटेक करने से बचने की सलाह दी जा रही है।अब बड़ा सवाल यह है कि करीब 1000 करोड़ रुपये की लागत वाली मुकुंदरा टनल में पहली ही तेज बारिश के दौरान इतना पानी कैसे पहुंचा? क्या टनल की जल निकासी व्यवस्था बारिश के दबाव को संभालने में सक्षम नहीं है, या फिर किसी तकनीकी वजह से पानी का निकास प्रभावित हुआ?फिलहाल वायरल वीडियो ने मुकुंदरा टनल की इंजीनियरिंग और ड्रेनेज सिस्टम को लेकर नई बहस छेड़ दी है। संबंधित विभाग की ओर से स्थिति और जलभराव के कारणों पर आधिकारिक जानकारी सामने आने के बाद तस्वीर और साफ होगी।