अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद याने ABVP इंदौर महानगर ने शासकीय कृषि महाविद्यालय के विद्यार्थियों की विभिन्न समस्याओं और मांगों को लेकर महाविद्यालय प्रशासन को 12 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा है। परिषद ने डीन के नाम दिए गए ज्ञापन में शैक्षणिक, प्रशासनिक और आधारभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की है। ज्ञापन में परिषद ने वर्ष 2025-26 के RAWE कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों को मिलने वाले स्टाइपेंड का भुगतान अब तक नहीं होने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। ABVP के लोगों ने कृषि कॉलेज परिसर में जमकर नारेबाजी की और अपनी आवाज उठाई परिषद के लोगों का कहना है, कि पांच माह बीत जाने के बावजूद विद्यार्थियों को राशि नहीं मिली है, जिससे उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसके अलावा महाविद्यालय में प्लेसमेंट सेल की स्थापना, नियमित करियर काउंसलिंग, विभिन्न विषयों में रिक्त पदों की पूर्ति, प्रयोगशालाओं में आवश्यक उपकरणों की उपलब्धता तथा कृषि आधारित प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए विशेष कक्षाओं की व्यवस्था की मांग भी की गई है। ABVP ने खेल मैदान, जिम, पुस्तकालय, वाई-फाई, पेयजल, कैंटीन और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विस्तार पर भी जोर दिया। साथ ही छात्र-छात्राओं के लिए चिकित्सा सहायता, छात्रवृत्ति संबंधी समस्याओं के समाधान और छात्र हितों से जुड़े अन्य मुद्दों को भी ज्ञापन में शामिल किया गया है। परिषद ने मांगों के निराकरण के लिए समयबद्ध कार्रवाई की अपेक्षा जताते हुए कहा कि यदि समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो विद्यार्थियों के हित में आगे भी आंदोलनात्मक कदम उठाए जाएंगे।