CJP प्रदर्शन में घायल हुए टीवी एक्टर सेहबान अजीम, लाठीचार्ज में हाथ सूजने का दावा
दिल मिल गए, बेपनाह और तुझसे है राब्ता जैसे लोकप्रिय टीवी धारावाहिकों में नजर आ चुके अभिनेता सेहबान अजीम ने दावा किया है कि जंतर-मंतर पर CJP के प्रदर्शन के दौरान हुए पुलिस लाठीचार्ज में उन्हें चोटें आई हैं। अभिनेता का कहना है की वह 20 जुलाई को छात्रों के समर्थन में प्रदर्शन में शामिल होने पहुंचे थे। इस दौरान अपनी दो महिला दोस्तों को लाठीचार्ज से बचाने की कोशिश करते हुए उनके हाथ, पैरों और शरीर के अन्य हिस्सों पर कई लाठियां लगीं, जिससे उनका हाथ सूज गया। सेहबान ने कहा कि प्रदर्शन स्थल के चारों ओर पुलिस ने बैरिकेडिंग कर रखी थी और प्रदर्शनकारी जंतर-मंतर के भीतर तक नहीं पहुंच सके। उनका आरोप है कि पुलिस ने भीड़ को हटाने के लिए बिना भेदभाव के लाठीचार्ज किया, जिसमें महिलाएं और छात्र भी घायल हुए। अभिनेता ने कहा कि यह कार्रवाई उन्हें सुनियोजित लगी और इसका उद्देश्य प्रदर्शनकारियों को जबरन हटाना था। उन्होंने यह भी दावा किया कि कई छात्रों और प्रदर्शनकारियों के शरीर से खून बह रहा था, लेकिन वे अपने आंदोलन पर डटे रहे। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में सेहबान अजीम प्रदर्शन के दौरान "इंकलाब जिंदाबाद" के नारे लगाते नजर आ रहे हैं। उनकी दोस्तों ने भी पोस्ट साझा कर बताया कि लाठीचार्ज के समय अभिनेता उन्हें बचाने की कोशिश कर रहे थे, तभी वे खुद घायल हो गए थे.....
