अमरनाथ यात्रा बहाल: 6,269 श्रद्धालुओं का नया जत्था जम्मू से रवाना, खराब मौसम के कारण 6 दिन से थी रुकी
जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश और भूस्खलन के बाद छह दिन से स्थगित अमरनाथ यात्रा शनिवार को जम्मू से फिर शुरू हो गई। बालटाल रूट से 6,269 श्रद्धालुओं का 18वां जत्था 223 वाहनों के काफिले में गुफा की ओर रवाना हुआ। 3 जुलाई से शुरू हुई इस 57 दिवसीय यात्रा का समापन 28 अगस्त को रक्षाबंधन के दिन होगा।
अधिकारियों के मुताबिक, खराब मौसम को देखते हुए फिलहाल केवल बालटाल मार्ग से ही यात्रा की अनुमति दी गई है, जबकि पारंपरिक पहलगाम मार्ग एहतियात के तौर पर अभी बंद रखा गया है। 19 जुलाई को भारी बारिश और भूस्खलन के बाद दोनों मार्गों पर यात्रा रोक दी गई थी। मौसम में सुधार और उधमपुर-रामबन हिस्से में हाईवे खुलने के बाद यातायात बहाल हुआ है।
सुरक्षा और बीआरओ की बहाली
यात्रा के पूरे मार्ग पर बहुस्तरीय सुरक्षा पहरा लगाया गया है, और सभी जत्थों को सुरक्षा बलों के पहरे में भेजा जा रहा है।
इस बीच, सीमा सड़क संगठन (BRO) ने प्रोजेक्ट संपर्क के तहत राजौरी, पुंछ और रियासी में भूस्खलन से बाधित सड़कों को बहाल कर दिया है। रक्षा पीआरओ लेफ्टिनेंट कर्नल सुनील बर्तवाल ने बताया- "खतरनाक परिस्थितियों में टीमों ने मलबा हटाकर यातायात शुरू कर दिया है।"
