बांग्लादेश में पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की वापसी के ऐलान के बाद देश के 21 जिलों में हिंसा की घटनाएं सामने आई हैं। सोमवार रात से मंगलवार शाम तक उपद्रवियों ने बसों और ट्रेनों के कोचों को निशाना बनाया। इस दौरान आगजनी की घटनाओं के बीच फरीदपुर में बस में सो रहे ड्राइवर की धुएं से दम घुटने से मौत हो गई।
पुलिस मुख्यालय के आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 24 घंटों के दौरान 11 जिलों में कुल 22 वाहनों को आग के हवाले किया गया। इसके अलावा ढाका समेत सात जिलों में कम से कम 28 स्थानों पर देसी बम धमाके हुए। स्थिति बिगड़ने पर कई सरकारी दफ्तरों और शिक्षण संस्थानों के गेट बंद कर दिए गए।
फरीदपुर में बस में आग, ड्राइवर की मौत
सोमवार देर रात फरीदपुर शहर के गोलाचामट इलाके में न्यू बस टर्मिनल पर खड़ी एक बस में आग लगा दी गई। पुलिस के मुताबिक, वारदात को अंजाम देने के लिए तीन लोग मोटरसाइकिल पर आए थे, जिनमें से एक ने बस पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी।
घटना के वक्त बस ड्राइवर मोहम्मद कलाचन अंदर सो रहे थे। आग की लपटें उठने के बाद वे बाहर निकलने में तो कामयाब रहे, लेकिन सांस के जरिए धुआं अंदर जाने से उनकी तबीयत बिगड़ गई। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक कलाचन गोपालगंज जिले के मुक्सुदपुर उपजिला के दिगनगर गांव के रहने वाले थे।
चट्टोग्राम के पहाड़तली में सागरिका और कलूरघाट के पास दो यात्री बसों को फूंका गया। बरगुना के बेतागी में नगर निगम के ट्रक और मानिकगंज बस स्टैंड पर एक बस को आग लगाई गई। इसके अलावा नाओगांव में अल बराका परिवहन की दो बसें, किशोरगंज के बाजितपुर में कॉलेज बस और सावर-धामराई में दो अन्य वाहन जलाए गए। हालांकि, नाटोर की घटना को पुलिस ने दुर्घटनावश बताया, जहां सामान से लदे ट्रक में आग लगी थी।
गोपालगंज में पुलिस और प्रदर्शनकारियों की झड़प
मंगलवार सुबह गोपालगंज के टुंगीपाड़ा में हालात तब तनावपूर्ण हो गए जब प्रतिबंधित छात्र संगठन के कार्यकर्ताओं ने सुबह करीब 9:30 बजे गोहारडांगा चौरंगी चौराहे पर टायर और सामान जलाकर रास्ता जाम कर दिया। कुछ देर बाद अवामी लीग और जुबो लीग के कार्यकर्ता भी इसमें शामिल हो गए।
जुलूस के दौरान स्थानीय बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) कार्यालय के बाहर लगे बैनर और सजावटी पट्टियां तोड़ दी गईं। जब पुलिस ने जुलूस को आगे बढ़ने से रोका तो दोनों पक्षों में भिड़ंत हो गई। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, इस झड़प में कम से कम 10 लोग घायल हुए हैं। टुंगीपाड़ा थाने के प्रभारी अधिकारी अयूब अली ने बताया कि संघर्ष में कई पुलिसकर्मी भी जख्मी हुए हैं। इस दौरान उग्र प्रदर्शनकारियों ने एक पुलिस वाहन में तोड़फोड़ कर उसे आग के हवाले कर दिया।
पुलिस और अवामी लीग के अपने-अपने दावे
पुलिस ने इन सुनियोजित हमलों के पीछे शेख हसीना की पार्टी अवामी लीग और उसके सहयोगी संगठनों के कार्यकर्ताओं का हाथ होने की आशंका जताई है। हालांकि, अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच अभी शुरुआती चरण में है।
अख्तर हुसैन के मुताबिक, शुरुआती तफ्तीश में ऐसे संकेत मिले हैं कि उपद्रवियों को पैसे देकर इन वारदातों को अंजाम देने के लिए तैयार किया गया था। दूसरी ओर, अवामी लीग ने इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया है। पार्टी के प्रवक्ता मोहम्मद अली आराफात ने दावा किया कि विरोधियों द्वारा खुद इन घटनाओं को अंजाम दिया जा रहा है ताकि अवामी लीग को बदनाम किया जा सके और हिंसा का ठीकरा उस पर फोड़ा जा सके।
