बड़वाह पुलिस ने नर्मदा रोड स्थित डाकोलिया फार्म हाउस के पीछे से हुई मारुति फ्रोंक्स कार चोरी की गुत्थी सुलझा ली है। चोरी गई करीब 7 लाख रुपये की यह गाड़ी इंदौर रोड पर सोनवाय टोल टैक्स के पास लावारिस हालत में बरामद की गई है। इस मामले में पुलिस ने दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर न्यायालय में पेश किया है, जहां से उन्हें आगे की कार्रवाई के लिए भेजा गया है।
सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र से खुला राज
करीब 10 दिन पहले रात के समय मैकल मिडवे के पीछे स्थित डाकोलिया फार्म हाउस से अज्ञात व्यक्ति कार चुरा ले गए थे। वाहन मालिक की शिकायत पर बड़वाह थाने में चोरी का मामला दर्ज किया गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीओपी मुकेश इजारदार के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी राजेन्द्र बर्मन के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम बनाई गई थी। टीम ने घटनास्थल के आसपास के रास्तों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और संदिग्धों की पहचान की। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस सोनवाय टोल टैक्स के पास पहुंची, जहां चोरी गई मारुति फ्रोंक्स (क्रमांक MP09BU9071) लावारिस खड़ी मिली। वाहन को सुरक्षित थाने लाया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने कबूला जुर्म
जांच के दौरान पुलिस के हाथ दो संदिग्धों—अलीराजपुर जिले के नानपुर निवासी राजू पिता मगन डावर और खमकीबारुल निवासी मुलेश पिता झेतु रावत—के नाम लगे। दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उन्होंने वाहन चोरी की बात स्वीकार कर ली। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों का पहले भी चोरी और अन्य आपराधिक मामलों में रिकॉर्ड रहा है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शकुन्तला रुहेल ने बताया कि आरोपियों की निशानदेही पर 7 लाख रुपये कीमत की कार विधिवत जप्त कर ली गई है। इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी राजेन्द्र बर्मन के साथ निरी. शकुन्तला डोडवे, सउनि अजेश जायसवाल और खरगोन साइबर सेल के उनि दीपक तलवारे सहित पूरी टीम सक्रिय रूप से शामिल रही।
