राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने रविवार को जयपुर के ओटीएस स्थित भगवत सिंह मेहता सभागार से सहकारिता आधारित मोबिलिटी प्लेटफॉर्म 'भारत टैक्सी' का शुभारंभ किया। इस अवसर पर केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल, राजस्थान के सहकारिता राज्य मंत्री गौतम दक सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे। 'सहकार टैक्सी को-ऑपरेटिव लिमिटेड' द्वारा संचालित यह देश का सबसे बड़ा सहकारिता आधारित मोबिलिटी प्लेटफॉर्म बताया जा रहा है, जिसका उद्देश्य यात्रियों को किफायती और पारदर्शी परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने के साथ-साथ ड्राइवरों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। इस प्लेटफॉर्म के जरिए यात्रियों को ओला और उबर जैसी निजी कैब सेवाओं की तुलना में 10 से 15 प्रतिशत तक सस्ती राइड मिलेगी, जबकि सबसे बड़ी खासियत यह होगी कि इसमें पीक ऑवर के दौरान भी सर्ज प्राइसिंग लागू नहीं होगी। एक ही मोबाइल ऐप से बाइक, ऑटो और टैक्सी की बुकिंग की जा सकेगी। वहीं, ड्राइवरों को केवल 'पार्टनर' नहीं बल्कि 'सारथी' के रूप में प्लेटफॉर्म का सह-स्वामी बनाया जाएगा, जिससे उन्हें भारी कमीशन से राहत मिलेगी, बेहतर आय का अवसर मिलेगा और ₹5 लाख का दुर्घटना बीमा भी प्रदान किया जाएगा। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि सहकारिता मॉडल के माध्यम से गांवों में रोजगार के नए अवसर पैदा कर पलायन रोकना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने जीरा, इसबगोल और सोजत की मेहंदी जैसे उत्पादों के लिए स्थानीय स्तर पर प्रोसेसिंग यूनिट्स स्थापित करने की आवश्यकता पर जोर देते हुए राज्य के हर गांव में सहकारी समितियों के विस्तार और दूध उत्पादन को अगले दो वर्षों में 65 लाख टन तक पहुंचाने का लक्ष्य भी दोहराया। मुख्यमंत्री ने कहा कि 'भारत टैक्सी' केवल एक कैब बुकिंग ऐप नहीं, बल्कि '2047 विकसित भारत-विकसित राजस्थान' के विजन के अनुरूप सहकारिता के जरिए आम लोगों, खासकर चालकों को आत्मनिर्भर और सम्मानजनक आजीविका उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।